LOADING...
IPL 2026 में इन उम्रदराज खिलाड़ियों ने किया दमदार प्रदर्शन, जानिए आंकड़े 
37 साल की उम्र में विराट कोहली ने दमदार प्रदर्शन किया (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026 में इन उम्रदराज खिलाड़ियों ने किया दमदार प्रदर्शन, जानिए आंकड़े 

Jun 01, 2026
04:58 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का समापन हो चुका है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। इस सीजन में जहां कई युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया, वहीं कुछ अनुभवी खिलाड़ियों ने भी उम्र को चुनौती देते हुए शानदार प्रदर्शन किए। आइए नजर डालते हैं उन दिग्गज खिलाड़ियों पर, जिन्होंने बढ़ती उम्र के बावजूद पूरे सीजन अपनी छाप छोड़ी।

#1

विराट कोहली (37 साल)

37 वर्षीय विराट कोहली के लिए IPL 2026 किसी सपने से कम नहीं रहा। लगभग 2 साल पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले कोहली ने इस सीजन 56.25 की औसत और 165.84 की स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए। उन्होंने 6 बार 50 से अधिक का स्कोर बनाया, जिसमें एक शतक शामिल रहा। फाइनल में उन्होंने 42 गेंदों पर 75* रन की मैच जिताऊ पारी खेली। यह लगातार चौथा सीजन रहा, जिसमें उन्होंने 600 से अधिक रन बनाए।

#2

भुवनेश्वर कुमार (36 साल)

RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 36 साल की उम्र में शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 16 मैचों में 28 विकेट अपने नाम किए और पूरे सीजन लगातार प्रभावशाली गेंदबाजी की। उनकी इकॉनमी 7.95 की रही और वह इस सीजन दूसरे सबसे किफायती तेज गेंदबाज रहे। हालांकि, वह तीसरी बार पर्पल कैप जीतने से चूक गए, क्योंकि GT के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 29 विकेट हासिल किए।

Advertisement

#3

रविंद्र जडेजा (37 साल) 

IPL 2026 में रविंद्र जडेजा का प्रदर्शन ज्यादा सुर्खियां नहीं बटोर सका, लेकिन वह राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए अनसुने नायक साबित हुए। 37 वर्षीय इस खिलाड़ी ने निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए 11 पारियों में 66.50 की औसत और 135.02 की स्ट्राइक रेट से 266 रन बनाए। वहीं अपनी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी से उन्होंने 10 विकेट भी झटके। 8.39 की इकॉनमी के साथ जडेजा ने बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए अहम योगदान दिया।

Advertisement

#4

सुनील नरेन (38 साल)

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के अनुभवी स्पिनर सुनील नरेन ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी का जादू बिखेरा। 38 साल के नरेन ने 13 मैचों में 15 विकेट लिए और 6.65 की इकॉनमी रेट के साथ पूरे सीजन सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उम्र बढ़ने के बावजूद उनके प्रदर्शन में कोई कमी नहीं दिखी। इस दिग्गज ने IPL के 15 सीजन खेले हैं और अब तक किसी भी संस्करण में उनकी इकॉनमी 8 से ऊपर नहीं गई है।

Advertisement