IPL 2026: वरुण चक्रवर्ती के टी-20 क्रिकेट में 200 विकेट पूरे, बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 28वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने अपने टी-20 करियर में 200 विकेट भी पूरे किए। वैभव सूर्यवंशी (46) उनका 200वां शिकार बने। इस खिलाड़ी ने पिछले मैच में KKR के लिए अपने 100 विकेट भी पूरे किए थे। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार से नवाजा गया।
जानकारी
RR के खिलाफ मैच में वरुण ने की शानदार गेंदबाजी
RR के खिलाफ मुकाबले में वरुण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 3.50 की रही। उन्होंने वैभव (46), ध्रुव जुरेल (5) और कप्तान रियान पराग (12) को अपना शिकार बनाया।
उपलब्धि
155वें मैच में हासिल की वरुण ने ये उपलब्धि
वरुण ने 155वें टी-20 मैच में 200 विकेट पूरे किए। उनकी औसत 22 से भी कम की रही है। उन्होंने 7.6 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की है। इस खिलाड़ी ने 2 बार 4 विकेट हॉल और 3 मैच में 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/17 का रहा है। इस खिलाड़ी ने अपना पहला टी-20 मुकाबला IPL 2019 में पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए KKR के खिलाफ खेला था।
जानकारी
भारतीय टीम के लिए ऐसा रहा है वरुण का प्रदर्शन
भारतीय टीम के लिए वरुण ने 45 मुकाबले खेले हैं और 16.61 की औसत से 73 विकेट चटकाए हैं। उनकी इकॉनमी 7.55 की रही है। उन्होंने एक बार 4 विकेट 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/17 का रहा है।
KKR
KKR के लिए इन गेंदबाजों ने चटकाए हैं 100 से ज्यादा विकेट
KKR के लिए सबसे ज्यादा विकेट सुनील नरेन ने लिए हैं। उन्होंने 195 मैच की 193 पारियों में 197 विकेट चटकाए हैं। आंद्रे रसेल ने 133 मैचों की 114 पारियों में 21.59 की औसत से 122 विकेट लिए थे। वरुण ने IPL में 89 मैच की 88 पारियों में 24.17 की औसत और 7.65 की इकॉनमी से 104 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने एक बार 4 विकेट हॉल और एक बार 5 विकेट हॉल भी लिया है।
तेज
टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले भारतीय बने वरुण
वरुण टी-20 क्रिकेट में 200 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले 20वें भारतीय गेंदबाज बने। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 10वें स्पिनर हैं। वरुण सबसे तेज 200 विकेट चटकाने वाले भारतीय स्पिनर भी बन गए हैं। इस खिलाड़ी ने कुलदीप यादव का रिकॉर्ड तोड़ा। कुलदीप ने 160 मैचों में 200 विकेट पूरे किए थे। टी-20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज 200 विकेट अर्शदीप सिंह (151 पारी) ने लिए हैं।