IPL 2026: पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं ये प्रमुख खिलाड़ी
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसमें कुल 10 टीमें हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। आगामी सीजन के शुरू होने से पहले सभी टीमें खिलाड़ियों की फिटनेस पर नजरें बनाए हुए हैं। इसी क्रम में कुछ खिलाड़ी चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह पर दूसरे खिलाड़ियों को शामिल किया जा चुका है। इस बीच 2026 सीजन से बाहर हुए प्रमुख खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।
#1
हर्षित राणा (KKR)
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण बाहर हो चुके हैं और उनकी जगह पर टीम ने नवदीप सैनी को शामिल किया है। राणा पिछले कुछ समय से KKR के प्रमुख तेज गेंदबाज हैं। ऐसे में उनके बाहर होने से टीम को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि राणा ने पिछले 2 सीजन में KKR से खेलते हुए कुल 34 विकेट लिए थे।
#2
सैम कर्रन (RR)
राजस्थान रॉयल्स (RR) के ऑलराउंडर सैम कर्रन भी आगामी सीजन में नहीं खेलते दिखेंगे। दरअसल, ग्रोइन इंजरी के चलते वह इस सीजन में नहीं खेल पाएंगे। RR ने उनकी जगह पर श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर दासुन शनाका को शामिल किया था। कर्रन अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी से मैच जिताने की काबिलियत रखते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में शनाका के पास अच्छा मौका होगा। बता दें कि शनाका को नीलामी में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा था।
#3
नाथन एलिस (CSK)
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को IPL के पूरे 2026 सीजन में अपने स्टार ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज़ नाथन एलिस के बिना ही खेलना होगा। इस तेज़ गेंदबाज को CSK ने IPL 2025 की बड़ी नीलामी में 2 करोड़ रुपये में खरीदा था और इस साल की नीलामी से पहले रिटेन किया गया था। एलिस ने अपने IPL करियर में अब तक 17 मैचों में 28.73 की औसत के साथ 19 विकेट लिए थे।
#4
आकाश दीप (KKR)
KKR के आकाश दीप भी चोट के कारण आगामी सीजन से बाहर हो चुके हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पिछले सीजन में LSG से 3 विकेट लिए थे। अपने IPL करियर में उन्होंने कुल 10 विकेट लिए हैं। उनकी जगह पर KKR की टीम ने सौरभ दुबे को शामिल किया है। सौरभ एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो घरेलू क्रिकेट में विदर्भ का प्रतिनिधित्व करते हैं।
#5
बेन डकेट (DC)
इंग्लैंड के बेन डकेट ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट वापस ले लिया। डकेट ने स्पष्ट किया कि वह एशेज सीरीज में अपने निराशाजनक प्रदर्शन के बाद टेस्ट प्रारूप में फॉर्म में वापसी करना चाहते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए वह IPL 2026 से बाहर हुए। डकेट का IPL 2026 से आखिरी समय पर नाम वापस लेना, टूर्नामेंट से 2 या 3 साल के प्रतिबंध का कारण बन सकता है।