IPL 2026 की 5 सबसे बड़ी पारियां, इन बल्लेबाजों ने मचाया धमाल
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को हराते हुए दूसरा खिताब जीता। अहमदाबाद में हुए मैच में GT ने वाशिंगटन सुंदर के अर्धशतक (50) की मदद से 155/8 का स्कोर बनाया। जवाब में RCB ने विराट कोहली के अर्धशतक (75*) की मदद से लक्ष्य हासिल किया। इस सीजन में कुछ बड़े शतक देखने को मिले। इस बीच 2026 की 5 सबसे बड़ी पारियों पर एक नजर डालते हैं।
#1
केएल राहुल (152* रन बनाम PBKS)
DC के प्रमुख बल्लेबाज केएल राहुल ने PBKS के खिलाफ मैच में शतक लगाया। यह उनके IPL करियर का छठा और PBKS के खिलाफ पहला शतक रहा, जिसे उन्होंने 47 गेंदों पर पूरा किया। राहुल ने 67 गेंदों का सामना किया और 152 रन बनाए। उनके बल्ले से 16 चौके और 9 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 226.87 की रही। उनके शतक के बावजूद DC को इस मैच में हार झेलनी पड़ी।
#2
अभिषेक शर्मा (135* रन बनाम DC)
SRH के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने DC के खिलाफ मैच में 68 गेंदों पर 135* रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी। अभिषेक ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 10 छक्के और 10 चौके जड़े थे। उन्होंने 3 खिलाड़ियों के साथ 65+ रनों की साझेदारियां कीं, जिसके चलते SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 242/2 का स्कोर बनाया और आखिर में 47 रनों से जीत हासिल की थी।
#3
रयान रिकेल्टन (123* रन बनाम SRH)
IPL 2026 के 41वें मैच में MI के रयान रिकेल्टन ने SRH के खिलाफ 55 गेंदों में नाबाद 123 रन बनाए थे। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 10 चौके और 8 छक्के लगाए। उनकी पारी की बदौलत MI ने पहले खेलते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए थे। इसके बावजूद MI को हार मिली थी। SRH ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था।
#4
संजू सैमसन (115* बनाम DC)
IPL 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ बेहतरीन शतक लगाया। यह उनके IPL करियर का कुल चौथा शतक साबित हुआ। DC के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए उन्होंने 56 गेंदों में नाबाद 115 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत CSK ने पहले खेलते हुए 212/2 का स्कोर बनाया और मैच में 23 रन से जीत दर्ज की थी।
#5
क्विंटन डिकॉक (112* रन बनाम PBKS)
MI से क्विंटन डिकॉक ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मैच में शतक लगाया था। वह 60 गेंदों में 112 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 8 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 186.67 की रही थी। उनके शतक की मदद से MI ने 195/6 का स्कोर बनाया था। इसके बावजूद MI को मैच में हार मिली। PBKS ने 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था।