IPL 2026: क्या है रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मजबूती और कमजोरी? जानिए टीम का विश्लेषण
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने अभियान की शुरुआत पहले दिन ही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ करेगी। पिछले सीजन पहली बार खिताब जीतने वाली RCB इस बार भी पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगी। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम की नजरें लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने पर होंगी। आइए इस बीच RCB की कमजोरी, ताकत और बेस्ट प्लेइंग इलेवन के बारे में बात करते हैं।
टीम
RCB की पूरी टीम पर एक नजर
बल्लेबाज: रजत पाटीदार, टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल और विहान मल्होत्रा। विकेटकीपर: फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा और जॉर्डन कॉक्स। ऑलराउंडर: जैकब बेथेल, क्रुणाल पांड्या, वेंकटेश अय्यर, रोमारियो शेफर्ड, स्वप्निल सिंह, मंगेश यादव, कनिष्क चौहान और सात्विक देशवाल। गेंदबाज: अभिनदंन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिक सलाम, भुवनेश्वर कुमार, सूयश शर्मा, यश दयाल, नुवान तुषार, जैकब डफी और विकी ओस्तवाल। RCB ने वेंकटेश को 7 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं, मंगेश यादव को 5.20 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था।
मजबूती
ये है RCB की मजबूती
RCB का बल्लेबाजी शीर्षक्रम मजबूत नजर आ रहा है। टीम के पास कोहली, सॉल्ट, पाटीदार और बेथेल जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज मौजूद हैं, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। वहीं, मध्यक्रम में जितेश और डेविड जैसे खिलाड़ी हैं जो तेज रन बनाकर मैच का रुख पलटने का दम रखते हैं। इसके अलावा टीम में क्रुणाल, वेंकटेश और रोमारियो जैसे ऑलराउंडर भी शामिल हैं, जो बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कमजोरी
ये है RCB की कमजोरी
IPL 2025 में हेजलवुड ने 22 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन चोट के चलते वह इस सीजन के शुरुआती मैचों में RCB का हिस्सा नहीं होंगे, जो टीम के लिए बड़ी चिंता की बात है। हेजलवुड के अलावा विदेशी तेज गेंदबाजी में RCB के पास कोई खास अनुभवी विकल्प नजर नहीं आता। वहीं, स्पिन गेंदबाजी की बात करें तो यहां भी अनुभव की कमी साफ दिखाई देती है, जो मुश्किल हालात में टीम पर भारी पड़ सकती है।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है बेस्ट प्लेइंग इलेवन
गत विजेता RCB अपनी प्लेइंग इलेवन में सॉल्ट, डेविड, शेफर्ड और डफी के रूप में विदेशी खिलाड़ियों को मौका दे सकती है। कोहली और सॉल्ट टीम से पारी की शुरुआत करते हुए नजर आ सकते हैं। बेस्ट प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली, फिल सॉल्ट, वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी और यश दयाल। सुयश शर्मा बतौर इम्पैक्ट प्लेयर खेल सकते हैं।