IPL 2026: SRH बनाम LSG मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी हैदराबाद की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 10वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से 5 अप्रैल को होगा। SRH ने अब तक 1 मैच जीता है और 1 में हार झेली है। वहीं, LSG को अपने इकलौते मैच में शिकस्त का सामना करना पड़ा है। अब ये दोनों टीमें राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
LSG का पलड़ा रहा है भारी
दोनों टीमों की भिड़ंत में अब तक LSG का पलड़ा भारी रहा है। SRH और LSG की टीमों के बीच IPL के इतिहास में अब तक कुल 6 मैच खेले गए हैं। इन मुकाबलों में 4 मैच LSG ने अपने नाम किए हैं और 2 मैच में SRH को जीत मिली है। पिछले सीजन LSG और SRH के बीच 2 मैच खेले गए थे, जिसमें से दोनों टीमों ने 1-1 जीत दर्ज की थी।
LSG
ऐसी हो सकती है LSG की प्लेइंग इलेवन
LSG को पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 6 विकेट से हार मिली थी। एडेन मार्करम समेत LSG के प्रमुख बल्लेबाजों ने पहले मैच में निराश किया था और यही टीम की हार का प्रमुख कारण बना था। ऐसे में LSG शीर्षक्रम से रनों की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), आयुष बडोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी, एनरिक नोर्खिया, और प्रिंस यादव।
SRH
इस संयोजन के साथ उतर सकती है SRH
SRH के बल्लेबाजों ने अपने दोनों मैचों में 200 से अधिक रन के स्कोर किए हैं। पिछले मैच में SRH से अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। ये जोड़ी एक बार फिर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेगी। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, जयदेव उनादकट, और ईशान मलिंगा।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट प्लेयर
SRH: हर्षल पटेल, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, ब्रायडन कार्स और जीशान अंसारी। LSG: दिग्वेश सिंह राठी, आवेश खान, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, और जोश इंग्लिस।
पिच रिपोर्ट
कैसी होगी पिच की स्थिति?
राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती है। हालांकि, तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिन गेंदबाज थोड़े असरदार साबित होते हैं। तेज गेंदबाजों को विकेट चटकाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। एक बार बल्लेबाजों की यहां नजरें जम जाती है तो आसानी से बड़े-बड़े शॉट लगते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 163 रन है। यहां सर्वोच्च स्कोर SRH (286/6 बनाम RR, 2025) ने ही बनाया है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
एक्यूवेदर के मुताबिक 5 अप्रैल को हैदराबाद में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा। मैच के दौरान बारिश की थोड़ी बहुत संभावना है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
IPL 2026 में SRH की कप्तानी करते हुए किशन ने 2 पारियों में 47.00 की औसत और 200.00 की स्ट्राइक रेट से 94 रन बनाए हैं। इस सीजन में गेंदबाजी में जयदेव उनादकट ने 2 मैचों में 4 विकेट लिए हैं। क्रिकइंफो के अनुसार, पंत ने SRH के खिलाफ 18 मैचों में 39.85 की उम्दा औसत और 144.18 की स्ट्राइक रेट के साथ 558 रन बनाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
SRH और LSG के बीच यह मुकाबला 5 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।