IPL 2026: श्रेयस अय्यर ने SRH के खिलाफ जड़ा 5वां अर्धशतक, बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (69*) खेली। यह उनके IPL करियर का 59वां और SRH के खिलाफ 5वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 24 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी की बदौलत PBKS की टीम 220 रन का लक्ष्य आसानी से आसिल करने में सफल रही। उन्हें इस पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
बल्लेबाजी
कैसी रही अय्यर की पारी और साझेदारी?
PBKS को 117 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए अय्यर ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और फिर हाथ खोलते हुए मैदान के चारों ओर शॉट खेले। उन्होंने नेहल वढेरा (14) के साथ चौथे विकेट के लिए 35 गेंदों में 69 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। अय्यर पारी में 33 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 69 रन बनाकर नाबाद रहे।
उपलब्धि
अय्यर के नाम दर्ज हुई खास उपलब्धि
अय्यर ने पारी में 209.09 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इसके साथ ही वह IPL इतिहास में 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से दूसरे सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले कप्तान बन गए हैं। यह उनका 7वां 50+ स्कोर रहा है। इस सूची में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (8) पहले, डेविड वार्नर (5) तीसरे, वीरेंद्र सहवाग (3) चौथे और दिनेश कार्तिक, ऋषभ पंत, संजू सैमसन और फाफ डू प्लेसिस (2-2) 5वें नंबर पर हैं।
करियर
कैसा रहा है अय्यर का IPL करियर?
अय्यर ने 2015 में CSK के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 137 मुकाबलों की 135 पारियों में 34.85 की औसत और 134.73 की स्ट्राइक रेट से 3,868 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 29 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 97* रन रहा है। वह अब तक 90 मैचों में कप्तानी करते हुए 53 में जीत दर्ज कर चुके हैं, जबकि 35 में उन्हें हार मिली है।