IPL 2026: RR के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर लगा 1 लाख रुपये का जुर्माना
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के टीम मैनेजर रोमी भिंडर मैच के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए नजर आए थे। अब उन पर इस मामले में जुर्माना लगा है। दरअसल, BCCI की भ्रष्टाचार विरोधी और सुरक्षा इकाई (ACSU) ने मामले की जांच के बाद भिंडर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ-साथ उन्हें चेतावनी भी दी गई है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
भिंडर की स्वास्थ्य समस्या को देखते हुए नहीं की कठोर कार्रवाई
भिंडर ने अपनी सफाई में बताया कि उनकी सेहत ठीक नहीं है, इसलिए उन्हें फोन रखने और इस्तेमाल करने की जरूरत पड़ती है। जांचकर्ताओं को उनकी बात सही लगी। इसलिए उन्हें सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। कोई बड़ी सजा जैसे मैच से प्रतिबंधित नहीं किया गया। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, BCCI के एक बड़े अधिकारी ने कहा, "भिंडर की स्वास्थ्य समस्या को देखते हुए सख्त कार्रवाई नहीं की गई।"
नियम
क्या है मैच के दौरान फोन के इस्तेमाल का नियम?
BCCI के खिलाड़ी और मैच अधिकारी क्षेत्र (PMOA) प्रोटोकॉल के तहत डगआउट में बैठकर मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। टीम मैनेजरों को केवल ड्रेसिंग रूम में मोबाइल फोन का उपयोग करने की अनुमति है, जबकि डगआउट में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग केवल नामित टीम विश्लेषक तक ही सीमित है। इसके बाद भी भिंडर ने मैच के दौरान डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था।
बयान
वैभव सूर्यवंशी को लेकर नहीं की गई कार्रवाई
गुवाहटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में जब भिंडर ने मोबाइल का इस्तेमाल किया था, तब उनसे साथ RR के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी मौजूद थे। हालांकि, उनको लेकर किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। BCCI अधिकारी ने इस पर कहा, "सूर्यवंशी को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। वह अभी युवा खिलाड़ी है, इसलिए उन्हें डराने की जरूरत नहीं। टीम को उसे नियम अच्छे से समझा देना चाहिए।"