IPL 2026: राशिद खान ने DC के खिलाफ लिए 3 विकेट, 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 14वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 3 विकेट चटकाए। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की मदद से GT ने रोमांचक मैच में DC को 1 रन से हराया। उन्होंने 4.20 की इकॉनमी रेट के साथ मैच में गेंदबाजी की। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। आइए राशिद की गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
शानदार रही राशिद की गेंदबाजी
राशिद ने अपने शुरुआती 2 ओवर में बिना कोई विकेट लिए सिर्फ 9 रन दिए थे। इस लेग स्पिनर ने अपने तीसरे ओवर की 5वीं गेंद पर नितीश राणा को आउट करते हुए विकेटों का खाता कोला। उन्होंने 5वीं गेंद पर समीर रिजवी (0) को आउट किया। इस अफगानी दिग्गज ने अपने चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर विपक्षी कप्तान अक्षर पटेल (2) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन दिए।
DC
DC के खिलाफ राशिद ने लिए हैं 24 विकेट
क्रिकइंफो के मुताबिक, राशिद ने DC के खिलाफ 20 मैचों में 24 विकेट लिए हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अपना पहला मैच 2017 में खेला था। उस सीजन की शुरुआत से सिर्फ जसप्रीत बुमराह (26) ने DC की टीम के खिलाफ उनसे ज्यादा विकेट लिए हैं। DC के खिलाफ कम से कम 17 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में राशिद का 6.37 का इकॉनमी रेट दूसरा सबसे अच्छा है। वह इस सूची में सिर्फ रविचंद्रन अश्विन (6.27) से पीछे हैं।
करियर
शानदार रहा है राशिद का IPL करियर
राशिद ने साल 2017 में रॉयल चैलेजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह 139 मैचों में 23.62 की औसत और 7.08 की इकॉनमी रेट के साथ 163 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वह 2 बार 4 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/24 विकेट का रहा है। बल्लेबाजी में वह 1 अर्धशतक की मदद से 600 से अधिक रन बना चुके हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती GT की टीम
अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मैच में GT ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210/4 का स्कोर बनाया। साई सुदर्शन (12) के जल्दी आउट होने के बाद शुभमन गिल (70), जोस बटलर (52) और वाशिंगटन सुदंर (55) ने अर्धशतक लगाते हुए GT का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। जवाब में DC से केएल राहुल ने 92 रन बनाए और टीम 209/8 का स्कोर बना सकी। डेविड मिलर ने 20 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाए।