IPL 2026 में RR का सफर हुआ समाप्त, आंकड़ों से जानिए प्रदर्शन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 7 विकेट से हार मिली। इसी के साथ RR का इस सीजन सफर समाप्त हो गया। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए RR ने 214/6 का स्कोर बनाया थ। जवाब में GT ने 3 विकेट खोकर 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस बीच RR के मौजूदा सीजन के सफर पर एक नजर डाल लेते हैं।
लीग
लीग स्टेज में ऐसा रहा RR का प्रदर्शन
RR ने IPL 2026 के लीग मुकाबलों में 8 मैच जीते और 6 में हार का सामना किया। अंक तालिका में 16 अंकों के साथ RR की टीम चौथे स्थान पर रही थी। इस सीजन के शुरुआती मैचों में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 4 मैच अपने नाम किए थे। टीम ने एलिमिनेटर मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था।
रन
इन बल्लेबाजों ने बनाए सबसे ज्यादा रन
RR से वैभव सूर्यवंशी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इस 15 साल के युवा खिलाड़ी ने 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.50 की स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने 16 पारियों में 36.78 की औसत और 154.65 की स्ट्राइक रेट से 515 रन अपने नाम किए। RR के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 30.50 की औसत से 427 रन बनाए।
रिकॉर्ड्स
वैभव ने ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
IPL में सबसे कम गेंदों में 1,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड अब वैभव के नाम है। उन्होंने यह उपलब्धि 440 गेंदों में हासिल की। वैभव IPL में 700+ रन बनाने वाले पहले अनकैप्ड बल्लेबाज भी बने। उन्होंने यशस्वी जायसवाल (625 रन) का रिकॉर्ड तोड़ा। वैभव किसी भी टी-20 टूर्नामेंट के पावरप्ले में 500 रन का आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने इस मामले में डेविड वार्नर (IPL 2016, 467 रन) को पीछे छोड़ा।
विकेट
RR के लिए इन गेंदबाजों ने चटकाए सबसे ज्यादा विकेट
RR की ओर से इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट जोफ्रा आर्चर ने लिए। इस तेज गेंदबाज ने 16 पारियों में 22.36 की औसत और 9.31 की इकॉनमी रेट से 25 विकेट लिए। तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा ने 32.14 की औसत और 9.89 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट चटकाए हैं। नांद्रे बर्गर के लिए ये सीजन अच्छा बीता। इस तेज गेंदबाज ने 31.42 की औसत से 13 मैचों में 14 विकेट लिए।