IPL 2026: चैंपियन RCB पर हुई करोड़ों की बारिश, जानिए किसे क्या मिला
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का रोमांचक सफर समाप्त हो गया। 28 मार्च से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कई यादगार और रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिले। फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। RCB पर करोड़ों रुपये की बारिश हुई, जबकि उपविजेता और अन्य पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों को भी मोटी रकम मिली। आइए जानते हैं किसे पुरस्कार राशि मिली?
राशि
किस टीम को कितनी इनामी राशि मिली?
IPL 2026 का खिताब जीतने वाली RCB को 20 करोड़ रुपये मिले और संस्करण की उपविजेता रही GT को 13 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। तीसरे स्थान पर रही राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 करोड़ और चौथे स्थान पर रही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6.50 करोड़ रुपये मिले। RR को क्वालीफायर-2 में GT ने हराया था और रियान पराग की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। SRH की टीम RR से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुई थी।
ऑरेंज कैप
'ऑरेंज कैप' जीतने वाले को क्या मिला?
इस संस्करण वैभव सूर्यवंशी ने 'ऑरेंज कैप' अपने नाम की। वह IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्हें इस कमाल प्रदर्शन के लिए 10 लाख रुपये मिले। इस संस्करण वैभव ने 16 मैचों की 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.30 की स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए थे। इसके अलावा 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन' भी वैभव को ही चुना गया। इसके लिए उन्हें 50 लाख रुपये इनामी राशि मिली।
पर्पल कैप
'पर्पल कैप' जीतने वाले कगिसो रबाडा को क्या मिला?
इस संस्करण सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज GT के कगिसो रबाडा रहे। उन्होंने 17 मैच में 29 विकेट झटके। उन्हें इस कमाल के प्रदर्शन के लिए 10 लाख रुपये मिले। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से सभी टीमों को पूरे संस्करण परेशान किया। RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 28 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। राजस्थान रॉयल्स (RR) के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने 25 विकेट चटकाए और वह इस सूची में तीसरे स्थान पर रहे।
अन्य
ये खिलाड़ी भी हुए मालामाल
मनीष पांडे को 'कैच ऑफ द सीजन' का अवार्ड मिला। उन्हें 10 लाख रुपये मिले। सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले साई सुदर्शन को 10 लाख रुपये मिले। इमर्जिंग प्लेयर का अवार्ड वैभव को मिला। उन्हें इसके लिए 10 लाख रुपये मिले। सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले वैभव को 10 लाख रुपये मिले। यह खिलाड़ी 'सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन' भी रहा, इसके उन्हें लिए टाटा सिएरा मिली। मोहम्मद सिराज ने सबसे ज्यादा डॉट गेंदें डाली, उन्हें 10 लाख रुपये मिले।