LOADING...
IPL 2026: प्रभसिमरन सिंह ने SRH के खिलाफ लगाया अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
प्रभसिमरन सिंह ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026: प्रभसिमरन सिंह ने SRH के खिलाफ लगाया अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Apr 11, 2026
07:29 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 17वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हराया। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 220 रन के लक्ष्य को PBKS ने हासिल किया। PBKS की इस जीत में प्रभसिमरन सिंह (51), श्रेयस अय्यर (69*) और प्रियांश आर्य (57) ने अर्धशतक लगाए। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन ने अपने IPL करियर का 8वां अर्धशतक लगाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जोरदार रही प्रभसिमरन सिंह की पारी 

प्रभसिमरन ने पारी के दूसरे ओवर में जयदेव उनादकट के खिलाफ चौका और छक्का लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने प्रियांश (57) का अच्छा साथ निभाया और पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए प्रभसिमरन ने 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 25 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 4 चौके और इतने ही छक्के लगाए।

करियर 

ऐसा है प्रभसिमरन सिंह का IPL करियर 

प्रभसिमरन ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 55 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 54 पारियों में वह 26.59 की औसत और 152.44 की शानदार स्ट्राइक रेट से 1,436 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। इस खिलाड़ी के बल्ले से 1 शतक और 8 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 का रहा है। प्रभसिमरन ने विकेटकीपर के तौर पर भी अच्छा प्रदर्शन किया है।

Advertisement

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती PBKS की टीम 

SRH से अभिषेक शर्मा (74) और ट्रेविस हेड (38) ने 120 रन की साझेदारी की। अच्छी शुरुआत के बाद कप्तान ईशान किशन ने 27 रन और हेनरिक क्लासेन ने 39 रन की पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 219/6 तक पहुंचाया। जवाब में प्रियांश आर्य (57) और प्रभसिमरन सिंह (51) ने 99 रन की साझेदारी की। इसके बाद कप्तान अय्यर ने आखिर तक बल्लेबाजी करते हुए टीम को 19वें ओवर में जीत दिलाई।

Advertisement