IPL 2026 के पहले मुकाबले में RCB ने SRH को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हरा दिया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH ने 201/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB ने 4 विकेट खोकर 15.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पिछले साल की चैंपियन ने सीजन का आगाज जीत के साथ किया है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
मैच में RCB ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। SRH के लिए कप्तान ईशान किशन ने 80 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनके अलावा अनिकेत वर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों का सामना कर 43 रन बना दिए। RCB के लिए जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने 3-3 विकेट लिए। जवाब में देवदत्त पडिक्कल (61), विराट कोहली (69*) और कप्तान रजत पाटीदार (31) की शानदार पारियों के दम पर RCB को जीत मिल गई।
पारी
ऐसी रही ईशान की पारी
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान ईशान ने हेनरिक क्लासेन (31) के साथ चौथे विकेट के लिए 53 गेंदों में 97 रन की साझेदारी कर टीम को मुश्किल से निकाला और स्कोर को 125 के पार पहुंचाया। वह अपनी पारी में 38 गेंदों में 8 चौके और 5 छक्कों की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके IPL करियर का 18वां और IPL 2026 का पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 27 गेंदों पर पूर किया।
अर्धशतक
SRH के लिए कप्तानी डेब्यू पर सर्वोच्च पारी
ईशान अब SRH के लिए कप्तानी के डेब्यू पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में मनीष पांडे को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने IPL 2021 में अबू धाबी में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ नाबाद 69 रन की पारी खेली थी। इसी तरह पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने IPL 2015 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ 53 रनों की पारी खेली थी।
रन
ईशान ने पूरे किए 3,000 रन
ईशान ने पारी का दूसरा रन बनाते ही अपने IPL करियर में 3,000 रन भी पूरे किए। वह ऐसा करने वाले 29वें बल्लेबाज हैं। इस सूची में RCB के दिग्गज बल्लेबाज कोहली पहले पायदान पर हैं। ईशान ने IPL में SRH, मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात लायंस का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने गुजरात के लिए 16 मैचों में 319 रन और MI के लिए 89 मैचों में 2,325 रन बनाए हैं।
विकेट
डफी ने डेब्यू मुकाबले में चटकाए 3 विकेट
डफी ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 22 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 5.50 की रही। इस खिलाड़ी ने ट्रेविस हेड (11), अभिषेक शर्मा (7) और नितीश रेड्डी (1) को अपना शिकार बनाया। डफी की शानदार गेंदबाजी के कारण एक समय SRH के 3 बल्लेबाज 4.2 ओवर में सिर्फ 29 रन पर पवेलियन में थे। ये इस लीग में उनका पहला ही मुकाबला था और न्यूजीलैंड के इस खिलाड़ी ने अपना डेब्यू शानदार तरीके से किया।
आउट
डफी ने तीसरी बार किया ट्रेविस हेड को आउट
टी-20 क्रिकेट में डफी ने तीसरी बार हेड को आउट किया। उनके अलावा अर्शदीप सिंह और फवाद अहमद ने भी हेड को 3 बार पवेलियन भेजा है। डफी ने 4 पारियों में ये किया। अर्शदीप ने 7 पारियों में और फवाद ने 8 पारियों में हेड को 3 बार आउट किया है। टी-20 में डफी ने 169 मैचों में 24.85 की औसत से 192 विकेट लिए हैं। उन्होंने 7 बार 4 विकेट और 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं।
धमाकेदार
पडिक्कल ने 21 गेंदों पर जड़ा अर्धशतक
पडिक्कल ने 26 गेंदों का सामना किया और 61 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 7 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 234.62 की रही। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों का सामना कर अर्धशतक पूरा किया। ये इस खिलाड़ी का IPL में 11वां अर्धशतक रहा। अब तक उन्होंने 75 मुकाबले खेले हैं और इसकी 75 पारियों में 26.09 की औसत और 127.79 की स्ट्राइक रेट से 1,853 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101* रन रहा है।
दिग्गज
कोहली ने जड़ा 64वां अर्धशतक
कोहली ने 33 गेंदों का सामना कर अपना अर्धशतक पूरा किया। ये उनके IPL करियर का 64वां अर्धशतक रहा। वह 38 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 5 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 181.58 की रही। कोहली ने अब तक 268 मुकाबले खेले हैं और इसकी 260 पारियों में 39.77 की औसत और 132.95 की स्ट्राइक रेट से 8,711 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 8 शतक भी निकले हैं।