IPL 2026: नितीश रेड्डी ने LSG के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 10वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के ऑलराउंडर नितीश रेड्डी ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (56) खेली। यह उनके IPL करियर का तीसरा और LSG के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 30 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही SRH की टीम शुरुआती झटकों से उभरकर सम्मानजनक स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही रेड्डी की पारी और साझेदारी?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी SRH को 26 रन के कुल स्कोर तक 4 झटके लग गए थे। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए रेड्डी ने हेनरिक क्लासेन (62) के साथ पहले संभलकर बल्लेबाजी की और फिर हाथ खोलते हुए 5वें विकेट के लिए 63 गेंदों में 116 रन की शतकीय साझेदारी निभाते हुए टीम की वापसी कराई। रेड्डी अपनी पारी में 33 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
रिकॉर्ड
क्लासेन और रेड्डी ने बनाया साझेदारी का रिकॉर्ड
क्लासेन और रेड्डी के बीच हुई इस शतकीय साझेदारी के साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। यह IPL इतिहास में SRH की जोड़ी द्वारा 5वें विकेट या उससे नीचे के क्रम में पहली शतकीय साझेदारी हुई है। कुल मिलाकर यह 5वें विकेट या उससे नीचे के क्रम में IPL की 9वीं सबसे बड़ी साझेदारी है। इस साझेदारी ने ही SRH को मुकाबले करने लायक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
करियर
कैसा रहा है रेड्डी का IPL करियर?
रेड्डी ने साल 2023 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 31 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 25 पारियों में 29.05 की औसत और 36.75 की औसत से 581 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 76 रन का रहा है। इस तरह उन्होंने 14 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट भी अपने नाम किया हैं।