IPL 2026: महेंद्र सिंह धोनी आगामी मैचों से भी रह सकते हैं बाहर
क्या है खबर?
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) अपने स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की फिटनेस को लेकर अभी भी चिंतित है। रिपोर्ट के अनुसार, धोनी फिलहाल मैच फिटनेस के करीब भी नहीं हैं और उनके 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ होने वाले मैच में खेलने की संभावना कम है। CSK के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि धोनी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के चलते रिहैब कर रहे हैं। वे IPL 2026 के शुरुआती 2 हफ्तों के लिए बाहर हैं।
वापसी
कम से कम एक और सप्ताह लगेगा
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी को पूरी तरह फिट होने में कम से कम एक और सप्ताह लग सकता है। CSK को अगले हफ्ते चेपॉक में 2 घरेलू मैच खेलने हैं। 11 अप्रैल को टीम DC से भिड़ेगी, वहीं 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैच होगा। KKR के खिलाफ भी धोनी के खेलने की संभावना कम ही है। बता दें, CSK ने IPL 2026 में अब तक अपने सभी मैच हारे हैं।
इलाज
चेन्नई में चल रहा इलाज
रिपोर्ट के अनुसार, धोनी फिलहाल चेन्नई में अपने परिवार के साथ हैं और वहीं रिहैब कर रहे हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले नेट्स में अभ्यास भी किया था। CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने कहा, "एमएस रिहैब कर रहे हैं और इसमें समय लगेगा, हम अभी नहीं बता सकते कि कितना समय लगेगा।" उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस अब बेहतर हो रहे हैं और अगले मैच में उनकी उपलब्धता उनकी रिकवरी पर निर्भर करेगी।