IPL 2026: MI बनाम KKR मुकाबले का प्रीव्यू और अहम आंकड़े, जानिए कैसी होगी पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आमने-सामने होंगी। मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। MI की कमान हार्दिक पांड्या के हाथों में होगी, जबकि KKR की अगुवाई अजिंक्य रहाणे करेंगे। पिछले सीजन MI प्लेऑफ से बाहर हुई थी। वहीं, KKR अंक तालिका में 8वें स्थान पर थी। ऐसे में दोनों टीमें नए संस्करण की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी। आइए मैच से जुड़ी अहम बातें जान लेते हैं।
हेड-टू-हेड
KKR के खिलाफ MI का पलड़ा रहा है भारी
KKR और MI के बीच IPL के इतिहास में अब तक कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान KKR को सिर्फ 11 मैच में ही जीत मिल पाई है और 24 मुकाबले MI ने अपने नाम किए हैं। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच एक मैच खेला गया था। उस मुकाबले को MI ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। वहीं, IPL 2024 में दोनों टीमों के बीच हुए 2 मुकाबलों को KKR ने जीता था।
प्लेइंग इलेवन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है MI
MI की टीम इस संस्करण में बेहद मजबूत नजर आ रही है। टीम के पास रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। मध्यक्रम में तिलक वर्मा और हार्दिक ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर पारी संभाल सकते हैं। तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह के कंधों पर होगी। MI की संभावित एकादश: रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।
टीम
ऐसी हो सकती है KKR की प्लेइंग इलेवन
KKR अपने चोटिल खिलाड़ियों से परेशान है। हर्षित राणा पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और मथीशा पथिराना अब तक टीम के साथ नहीं जुड़े हैं। ऐसे में कार्तिक त्यागी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की जोड़ी एक बार फिर बेहतर करना चाहेगी। KKR की संभावित एकादश: फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, ब्लेसिंग मुजरबानी, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती और कार्तिक त्यागी।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
KKR: अनुकूल रॉय, उमरान मलिक, टिम साइफर्ट और रोवमैन पॉवेल। MI: शार्दुल ठाकुर, अश्वनी कुमार, मयंक मार्कंडे और अल्लाह गजनफर।
पिच
कैसा रहेगा वानखेड़े स्टेडियम की पिच का मिजाज?
वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां की पिच उन्हें काफी रास आती है। यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। दूसरी ओर एक गेंदबाज के दृष्टिकोण से पिच स्पिनरों को कुछ हद तक सहायता प्रदान करती है, लेकिन ज्यादा उम्मीद रखना बेमानी होगी। तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर में मदद मिलती है, ऐसे में वह जल्दी विकेट लेना चाहेंगे। इस IPL यहां बड़े स्कोर वाले मुकाबले देखने को मिलेंगे।
जानकारी
कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 29 मार्च को मुंबई का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 26 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की 15 प्रतिशत उम्मीद है। बारिश नहीं हुई तो अच्छा मैच देखने मिल सकता है।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
सूर्यकुमार ने पिछले 10 मुकाबलों में 179.02 की स्ट्राइक रेट से 478 रन बनाए हैं। रोहित के बल्ले से पिछले 10 मैच में 151.46 की स्ट्राइक रेट से 362 रन निकले हैं। अजिंक्य ने पिछले 10 मैचों में 38.13 की औसत से 305 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत ने पिछले 10 मैच में 6.18 की इकॉनमी से 17 विकेट चटकाए हैं। वरुण ने पिछले 10 मैचों में 7.97 की इकॉनमी से 14 विकेट अपने नाम किए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
MI और KKR के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।