IPL 2026: RCB से हारकर प्लेऑफ के दौड़ से बाहर हुई MI, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 2 विकेट से हरा दिया। ये इस संस्करण उनकी 7वीं जीत रही। 4 मैच में टीम को हार भी मिली है। वहीं, MI इस संस्करण 8वां मुकाबला हारी। वह सिर्फ 3 मैच में ही जीत दर्ज कर पाई। अब यह टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। आइए इस मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
रोमांच
ऐसा रहा आखिरी ओवर का रोमांच
आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। राज बावा ने वाइट डाली फिए एक नो बॉल फेंका। दूसरी गेंद फिर वाइड रही। इस गेंद पर बल्लेबाजों ने दौड़ कर एक रन ले लिया। रोमारियो शेफर्ड ने डॉट खेला और फिर अगली गेंद पर आउट हुए। इसके बाद भुवनेश्वर ने चौथी गेंद पर शानदार छक्का जड़ दिया। आखिरी गेंद पर 2 रन चाहिए थे। रसिख सलाम डार ने 2 रन बनाकर RCB को जीत दिला दी।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
RCB ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। MI के लिए तिलक वर्मा (57) और नमन धीर (47) ने अच्छी पारियां खेली। अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए और टीम 20 ओवर में 166/7 का स्कोर ही बना पाई। भुवनेश्वर कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। जवाब में RCB को शुरुआती झटके लगे, लेकिन क्रुणाल पांड्या (73) की शानदार पारी के दम पर टीम ने जीत हासिल कर ली।
गेंदबाजी
भुवनेश्वर ने तीसरी बार लिया 4 विकेट हॉल
भुवनेश्वर ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 23 रन देकर 4 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 5.80 की रही। उन्होंने रयान रिकेल्टन (2) के रूप में पहली सफलता हासिल की। इसके बाद लगातार 2 गेंदों पर रोहित शर्मा (22) और सूर्यकुमार यादव (0) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने 57 रन की शानदार पारी खेलने वाले तिलक वर्मा को भी पवेलियन की राह दिखाई। ये उनके IPL करियर का तीसरा 4 विकेट हॉल रहा।
विकेट
IPL 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने भुवनेश्वर
IPL 2026 में भुवनेश्वर ने 11 मैच की 11 पारियों में 15.28 की औसत से 21 विकेट लिए हैं। उन्होने एक बार 4 विकेट हॉल लिया है। उनकी इकॉनमी 7.46 की रही है। वह IPL 2026 में 20 से ज्यादा विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज हैं। IPL में इस खिलाड़ी ने अब तक कुल 201 मुकाबले खेले हैं और इसकी 201 पारियों में 26.17 की औसत और 7.67 की इकॉनमी रेट से 219 विकेट लिए हैं।
अर्धशतक
तिलक ने जड़ा RCB के खिलाफ तीसरा अर्धशतक
तिलक ने 42 गेंदों का सामना किया और 57 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 135.71 की रही। ये उनके IPL करियर का 9वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 37 गेंदों में पूरा किया। RCB के खिलाफ इस खिलाड़ी का तीसरा अर्धशतक रहा। IPL 2026 में इस खिलाड़ी ने 11 पारियों में 28.44 की औसत और 150.58 की स्ट्राइक रेट से 256 रन बनाए हैं।
आउट
विराट कोहली गोल्डन डक पर हुए आउट
दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली गोल्डन डक (पहली गेंद पर आउट) पर आउट हो गए। पिछले मैच में भी ये खिलाड़ी अपना खाता नहीं खोल पाया था। MI के खिलाफ ये तीसरा मौका था जब ये खिलाड़ी शून्य पर आउट हुआ है। ये 8वां मौका था जब कोहली IPL में गोल्डन डक पर आउट हुए हैं। IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा बार राशिद खान (12 बार) बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं।
छठे
MI के खिलाफ 4 विकेट हॉल लेने वाले RCB के छठे गेंदबाज
भुवनेश्वर IPL में MI के खिलाफ 4 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले RCB के छठे गेंदबाज बने हैं। उन्होंने इस खास सूची में हर्षल पटेल, डेविड वीजे, सैमुअल बद्री, युजवेंद्र चहल और क्रुणाल जैसे गेंदबाजों की बराबरी कर ली। खास बात यह है कि हर्षल पटेल यह कारनामा 2 बार कर चुके हैं। भुवनेश्वर के MI के खिलाफ 23 मुकाबलों में 27 विकेट हो गए हैं। MI के खिलाफ इस खिलाड़ी ने पहला 4 विकेट हॉल लिया।
जीताऊ
क्रुणाल ने खेली मैच जीताऊ पारी
क्रुणाल ने मैच में 46 गेंदों का सामना किया और 73 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 158.70 की रही। यह उनके IPL करियर का तीसरा और MI के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 32 गेंदों में पूरा किया। बल्लेबाजी में इस खिलाड़ी ने 123 पारियों में 22.49 की औसत और 133.59 की स्ट्राइक रेट से 1,889 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 86 रन का रहा है।
बॉलिंग
कॉर्बिन बॉश ने पहली बार लिया 4 विकेट हॉल
कॉर्बिन बॉश ने 4 ओवर में एक मेडन के साथ 26 रन देकर 4 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 6.50 की रही। इस खिलाड़ी ने पहली बार 4 विकेट हॉल लिया। बॉश ने जेकब बेथल (27), रजत पाटीदार (8), जितेश शर्मा (18) और टिम डेविड (0) को अपना शिकार बनाया। बॉश MI के चौथे गेंदबाज बने जिन्होंने RCB के खिलाफ 4 या उससे ज्यादा विकेट चटकाए हैं। जसप्रीत बुमराह, दिलहारा फर्नांडो और लसिथ मलिंगा पहले ये कारनामा कर चुके हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें अंक-तालिका
RCB IS COMING TO WIN THE TITLE IN BACK TO BACK SEASONS 🤯 pic.twitter.com/M0mP0laIUG
— Johns. (@CricCrazyJohns) May 10, 2026