IPL 2026: मथीशा पथिराना को मिली NOC, जल्द ही KKR से जुड़ेगा ये तेज गेंदबाज
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल गया है और वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम में शामिल होने के लिए तैयार हैं। KKR को 14 अप्रैल अपने अगले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से भिड़ना है और क्रिकबज के मुताबिक, वह इस मैच के लिए उपलब्ध होंगे। ये मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
चोट के कारण शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाए थे पथिराना
23 साल का यह तेज गेंदबाज अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी के खिलाफ खेलने के लिए तैयार है। पिंडली में चोट लगने की वजह से वह टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाए हैं। उन्हें यह चोट IPL से ठीक पहले हुए टी-20 विश्व कप के दौरान लगी थी, और तब से वह मैदान से बाहर थे। KKR का टीम प्रबंधन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) के साथ निरंतर सम्पर्क में था।
आंकड़े
ऐसा है पथिराना का करियर
IPL में पथिराना ने अब तक 32 टी-20 मुकाबले खेले हैं। इसकी 32 पारियों में 21.61 की औसत से 47 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/28 का रहा है। IPL 2025 में इस खिलाड़ी ने 12 मुकाबले खेले थे और इसकी 12 पारियों में 32.61 की औसत से 13 विकेट चटकाए थे। उनकी इकॉनमी रेट 10.13 की रही थी।