IPL 2026: SRH बनाम PBKS मुकाबले में इन खिलाड़ियों के बीच हो सकता है कड़ा मुकाबला
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा। यह मैच 6 मई को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। यह दोनों टीमों के बीच इस संस्करण में दूसरा मुकाबला होगा। पहले मुकाबले में PBKS ने 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। ऐसे में SRH हिसाब चुकता करने उतरेगी। आइए जानते हैं इस मुकाबले में किन प्रमुख खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हो सकता है।
#1
ट्रेविस हेड बनाम अर्शदीप सिंह
SRH के मजबूत शीर्ष क्रम को देखते हुए अर्शदीप सिंह पर शुरुआती विकेट लेने की जिम्मेदारी होगी। अभिषेक शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है, वहीं ट्रेविस हेड ने मौजूदा सीजन के अंत में लय पकड़ी है। ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, अर्शदीप के खिलाफ हेड की स्ट्राइक रेट 140 से अधिक की रही है। हालांकि, 8 टी-20 पारियों में अर्शदीप 3 बार हेड को पवेलियन की राह दिखा चुके हैं। ऐसे में यह टक्कर रोचक होगी।
#2
हेनरिक क्लासेन बनाम युजवेंद्र चहल
एक और दिलचस्प मुकाबला हेनरिक क्लासेन और PBKS के स्पिनरों के बीच होगा। दक्षिण अफ्रीका का यह धुआंधार बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजों पर हावी होने और उन्हें परेशान करने के लिए जाना जाता है। ऐसे में PBKS उन्हें रोकने के लिए युजवेंद्र चहल पर भरोसा कर सकती है। बता दें कि टी-20 में चहल के खिलाफ क्लासेन की स्ट्राइक रेट 204.34 की रही है। चहल 10 पारियों में 3 बार क्लासेन को अपनी स्पिन में उलझाकर आउट कर चुके हैं।
#3
प्रभसिमरन और प्रियांश आर्य बनाम पैट कमिंस
इस संस्करण में PBKS के खिलाफ पिछले मैच में SRH को चोटिल पैट कमिंस की कमी खली थी। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज की कप्तानी में वापसी के साथ PBKS के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह उनसे सावधान रहेंगे। हालांकि, आंकड़े कुछ और ही बताते हैं। प्रभसिमरन ने कमिंस के खिलाफ 147.05 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं और आर्य की स्ट्राइक रेट ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज के सामने 275 तक पहुंच चुकी है।