IPL 2026: GT बनाम PBKS मुकाबले में इन खिलाड़ियों के बीच हो सकती है कड़ी टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 46वां मुकाबला गुजरात टाइटंस (GT) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। फिलहाल, GT 9 मैचों में 5 जीत के साथ अंक तालिका में 5वें स्थान पर है। वहीं, PBKS 8 मैचों में 6 जीत के साथ शीर्ष पर है। आइए देखते हैं इस आगामी मैच में किन खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
#1
शुभमन गिल बनाम अर्शदीप सिंह
GT के कप्तान शुभमन गिल इस सीजन में शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने 155.41 के स्ट्राइक रेट से 373 रन बनाए हैं। आगामी मैच में उनका सामना पावरप्ले ओवरों में PBKS के दिग्गज तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह से होगा। ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, IPL में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप के खिलाफ गिल की स्ट्राइक रेट 128.07 की रही है। अर्शदीप 10 टी-20 पारियों में सिर्फ एक बार ही गिल को आउट करने में सफल हो पाए हैं।
#2
प्रियांश आर्य बनाम कगिसो रबाडा
इस सीजन में PBKS के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य का दबदबा रहा है। उनकी स्ट्राइक रेट 250.44 की है, जो न्यूनतम 100 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सर्वाधिक है। कगिसो रबाडा के साथ उनका आमना-सामना रोमांचक होगा, क्योंकि रबाडा ने हाल ही में नई गेंद से शानदार गेंदबाजी की है। गौरतलब है कि इस सीजन की शुरुआत में GT और PBKS के बीच हुए मैच में रबाडा ने आर्य को 7 रन पर आउट कर दिया था।
#3
श्रेयस अय्यर बनाम राशिद खान
श्रेयस अय्यर ने IPL 2026 में PBKS की अगुवाई करते हुए 174.57 के स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए हैं। नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए श्रेयस की GT के लेग स्पिनर राशिद खान के साथ टक्कर अहम होगी। राशिद खान ने अपनी पिछली कुछ पारियों में खूब रन लुटाए हैं। हालांकि, अय्यर 12 IPL पारियों में सिर्फ 2 बार राशिद के हाथों आउट हुए हैं। इस टक्कर में PBKS के कप्तान की स्ट्राइक रेट मात्र 116.66 की रही है।