IPL 2026: मनीष पांडे ने MI के खिलाफ उम्दा पारी खेली, बने प्लेयर ऑफ द मैच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 65वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 4 विकेट से शिकस्त दी। मौजूदा सीजन में यह KKR की छठी जीत साबित हुई। इस जीत के साथ ही KKR ने प्लेऑफ की उम्मीदों को जीवित रखा। ईडन गार्डन में हुए मैच में KKR की जीत में मनीष पांडे की अहम भूमिका रही। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 45 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
प्रदर्शन
अर्धशतक से चूके पांडे
लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR ने जब 10 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब पांडे क्रीज पर आए। उन्होंने एक छोर से टिककर बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला। उन्होंने 33 गेंदों का सामना करते हुए 45 रन बनाए। वह अपने IPL करियर के 23वें अर्धशतक से चूक गए। उनकी पारी का अंत जसप्रीत बुमराह ने किया। बता दें कि पांडे इस सीजन में पहली बार बल्लेबाजी करते हुए नजर आए।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। MI के ज्यादातर बल्लेबाजों ने निराश किया। निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए आए कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में KKR ने मनीष पांडे (45) और रोवमैन पॉवेल (40) की पारियों की मदद से 18.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।