IPL 2026: क्या है लखनऊ सुपर जायंट्स की मजबूती और कमजोरी? जानिए मजबूत प्लेइंग इलेवन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुकाबले से करेगी। LSG का IPL 2025 में बेहद खराब प्रदर्शन रहा था। टीम 7वें स्थान पर रहकर टूर्नामेंट से बाहर हुई थी। ऐसे में कप्तान ऋषभ पंत पिछला संस्करण भूलाकर टीम को पहली बार विजेता बनाने का प्रयास करेंगे। ऐसे में आइए LSG की टीम की मजबूती और कमजोरी पर एक नजर डाल लेते हैं।
टीम
ऐसी है LSG की पूरी टीम
बल्लेबाज: हिम्मत सिंह, एडेन मार्करम और अक्षत रघुवंशी। ऑलराउंडर: अब्दुल समद, आयुष बडोनी, अर्शिन कुलकर्णी, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, अर्जुन तेंदुलकर और वानिंदु हसरंगा। विकेटकीपर: ऋषभ पंत, मैथ्यू ब्रीत्जके, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी और जोश इंग्लिस। गेंदबाज: आकाश सिंह, आवेश खान, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, मोहसिन खान, दिग्वेश राठी, एम सिद्धार्थ, मयंक यादव, एनरिक नोर्खिया और नमन तिवारी। LSG की टीम ने नीलामी में सबसे ज्यादा पैसे (8.60 करोड़ रुपये) विकेटकीपर बल्लेबाज इंग्लिस पर खर्च किए थे।
मजबूती
ये है LSG की मजबूती
LSG की IPL 2026 में सबसे बड़ी ताकत उसका बेहद खतरनाक शीर्ष बल्लेबाजी क्रम है, जिसमें पंत, पूरन और मार्श जैसे विस्फोटक खिलाड़ी शामिल हैं, जो अकेले मैच पलटने की क्षमता रखते हैं। इसके साथ ही तेज गेंदबाजी आक्रमण में शमी और मयंक जैसी रफ्तार और अनुभव का संतुलन टीम को और मजबूत बनाता है। टीम के पास नोर्खिया और आवेश का भी विकल्प है। LSG के पास ऑलराउंडर खिलाड़ियों की फौज है जो टीम को गहराई देती है।
कमजोरी
ये LSG की कमजोरी
LSG की सबसे बड़ी कमजोरी उसका अस्थिर मध्यक्रम है, जो दबाव की स्थिति में अक्सर लड़खड़ा जाता है। टीम का स्पिन आक्रमण अपेक्षाकृत कमजोर नजर आता है, जिससे धीमी पिचों पर संतुलन बिगड़ सकता है। तेज गेंदबाजों पर अत्यधिक निर्भरता भी चिंता का विषय है, क्योंकि चोट या खराब फॉर्म से असर पड़ता है। इसके अलावा कप्तानी और संयोजन में निरंतर बदलाव टीम की लय को प्रभावित कर सकते हैं।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है LSG की प्लेइंग इलेवन
LSG की टीम से मार्श, हसरंगा और पूरन के रूप में विदेशी खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। मार्करम या नॉर्खिया को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। तेज गेंदबाजी में आवेश, शमी और मयंक की तिकड़ी नजर आ सकती है। ऐसी हो सकती है LSG की मजबूत प्लेइंग इलेवन: मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, वानिंदु हसरंगा, दिग्वेश राठी, आवेश खान, मोहम्मद शमी और मयंक यादव।