IPL 2026: काइल जैमीसन को आक्रामक जश्न मनाना पड़ा महंगा, मिला एक डिमेरिट अंक
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 43वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से हरा दिया। इसमें DC के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को RR के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद आक्रामक अंदाज में जश्न मनाना महंगा पड़ गया। IPL काउंसिल ने मामले में जैमीसन को एक डिमेरिट अंक दिया है और भविष्य में ऐसा न करने के लिए चेतावनी भी दी है। आइए पूरा मामला जानते हैं।
जश्न
जैमीसन ने कैसे मनाया सूर्यवंशी के विकेट का जश्न?
सूर्यवंशी ने पारी का दूसरा ओवर लेकर आए जैमीसन की गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला था। हालांकि, अगली गेंद पर जैमीसन ने जोरदार वापसी की और यॉर्कर गेंद फेंकर सूर्यवंशी को बोल्ड कर दिया। विकेट लेने के बाद जेमिसन काफी आक्रामक दिखे। वह सूर्यवंशी के पास गए और आंखें दिखाई। इसके बाद उनकी ओर ही देखते हुए ताली बजाकर उनका मजाक भी उड़ाया। जेमिसन के जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उल्लंघन
जैमीसन को अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया
जैमीसन को IPL आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया, जो मैच में किसी अन्य खिलाड़ी को अपमानित करने वाली या उससे आक्रामक प्रतिक्रिया उत्पन्न करने वाली भाषा, कार्यों या इशारों का प्रयोग निषिद्ध करता है। यह घटना पारी के दूसरे ओवर में घटी। इस तरीके का जश्न मनाने से बल्लेबाज भी अपना नियंत्रण खो सकता था और मैदान में आपसी झड़प होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में जैमीसन पर कार्रवाई हुई है।
स्वीकार
जैमीसन ने अपराध और दंड स्वीकार किया
मैच के बाद कीवी तेज गेंदबाज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को मान लिया है। इस घटना की पूर्व भारतीय घरेलू क्रिकेटर प्रियांक पंचाल ने भी आलोचना की और जैमीसन के व्यवहार की निंदा की। इस सीजन में 10 मैचों में 237.64 के स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाकर शानदार फॉर्म में चल रहे सूर्यवंशी के जल्दी आउट होने के बाद DC ने मैच 7 विकेट से जीत लिया।