IPL 2026: KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर लगा जुर्माना, जानिए कारण
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 22वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से हुआ, जिसमे KKR को हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है। KKR IPL 2026 में लगातार संघर्ष कर रही है। टीम 5 मैचों में अब तक एक भी जीत हासिल नहीं कर सकी है, जिसमें एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुआ था।
जुर्माना
कितना लगा जुर्माना?
रहाणे पर धीमी ओवर गति के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह IPL की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 का उल्लंघन है, जो न्यूनतम ओवर गति से जुड़ा है। इस सीजन में KKR का यह पहला अपराध है। रहाणे से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) के कप्तान श्रेयस अय्यर, गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान शुभमन गिल और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर भी जुर्माना लगाया गया था।
मैच
कैसा रहा मैच?
चेपॉक में खेले गए इस मुकाबले में KKR को CSK के खिलाफ 32 रन से हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 20 ओवर में 192/5 का स्कोर बनाया था। डेवाल्ड ब्रेविस (29 गेंद, 41 रन) की वापसी से टीम को मजबूती मिली। गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद KKR के बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके और टीम 160/7 के स्कोर तक ही पहुंच सकी।