IPL 2026: जोश हेजलवुड ने DC के खिलाफ लिए 4 विकेट, बने प्लेयर ऑफ द मैच
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए 50 विकेट पूरे कर लिए। इस गेंदबाज ने IPL 2026 के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ अपना पहला विकेट लेकर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी घातक गेंदबाजी के चलते DC की टीम सिर्फ 75 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजी
हेजलवुड ने पावरप्ले में की घातक गेंदबाजी
हेजलवुड ने अपने पहले ही ओवर में 2 बड़े विकेट लेकर विपक्षी टीम की खराब शुरुआत कर दी। उन्होंने पहली 2 गेंदों पर क्रमशः केएल राहुल और समीर रिजवी (0) को पवेलियन की राह दिखाई। अपने दूसरे ओवर में इस ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने नितीश राणा (1) और अपने आखिरी ओवर में अभिषेक पोरेल को आउट किया। उन्होंने अपने 3.3 ओवर में सिर्फ 12 रन दिए। उनकी घातक गेंदबाजी के चलते DC ने पावरप्ले में 13/6 का स्कोर बनाया।
RCB
RCB से 50 विकेट लेने वाले पहले विदेश गेंदबाज बने हेजलवुड
हेजलवुड अब RCB की ओर से IPL में 50 विकेट लेने वाले पहले विदेशी गेंदबाज बने। इस तेज गेंदबाज ने RCB का प्रतिनिधित्व करते हुए 32 मैच खेले हैं, जिसमें 18.73 की औसत और 8.34 की इकॉनमी रेट के साथ 53 विकेट लिए हैं। वह RCB की ओर से पिछले सीजन में खिताब भी जीत चुके हैं। वह RCB से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स से भी खेल चुके हैं।
लेखा-जोखा
RCB ने 9 विकेट से जीता मैच
RCB ने 8 रन के स्कोर तक अपने 6 विकेट गंवा दिए। इस बीच साहिल परख, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स और अक्षर पटेल दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। DC से अभिषेक पोरेल ने सर्वाधिक 30 रन और डेविड मिलर ने 19 रन का योगदान दिया। जवाब में RCB से जैकब बेथेल ने 11 गेंदों में 20 रन बनाए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल (34*) और विराट कोहली (23*) ने जीत दिलाई।