IPL 2026: जोस बटलर ने जड़ा 100वां टी-20 अर्धशतक, तीसरे सबसे तेज 14,000 रन भी पूरे
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के बल्लेबाज जोस बटलर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (60) खेली। यह उनके IPL करियर का 26वां और टी-20 क्रिकेट में 100वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 30 गेंदों में पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 14,000 रन भी पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले कुल 5वें और तीसरे सबसे तेज खिलाड़ी बने हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही बटलर की पारी और साझेदारी?
GT को 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 45 रन पर साई सुदर्शन (15) के रूप में पहला झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए बटलर ने कप्तान शुभमन गिल (56) के साथ दूसरे विकेट के लिए 84 रन की अहम साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। इसके बाद GT ने 7 विकेट से आसान जीत दर्ज कर ली। बटलर अपनी पारी में 37 गेंदों में 11 चौकों की मदद 60 रन बनाकर आउट हुए।
उपलब्धि
तीसरे सबसे तेज 14,000 टी-20 रन वाले खिलाड़ी बने बटलर
बटलर ने अपनी पारी का 39वां रन बनाते ही टी-20 क्रिकेट में 14,000 रन पूरे किए। इस सूची में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (14,562) पहले, किरोन पोलार्ड (14,482) दूसरे, इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स (14,449) तीसरे और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (14,121) चौथे पायदान पर हैं। इसी तरह बटलर ने 468वीं पारी में यह कारनामा किया है। वह इस मुकाम पर पहुंचने वाले तीसरे सबसे तेज खिलाड़ी हैं। सूची में गेल (423) और वार्नर (431) ही उनसे आगे हैं।
करियर
कैसा रहा है बटलर का IPL करियर?
बटलर ने 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 125 मैच की 123 पारियों में 40.14 की औसत और 149.73 की स्ट्राइक रेट से 4,296 रन बना चुके हैं। इसमें 7 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 124 रन का रहा है। वह इस दौरान 16 बार नाबाद भी रहे हैं। इसके अलावा, वह लीग में अब तक 429 चौके और 192 छक्के भी जड़ चुके हैं।
करियर
कैसा रहा है बटलर का टी-20 करियर?
बटलर अपने टी-20 करियर में अब तक 497 मैच की 468 पारियों में करीब 35 की औसत और 146 की स्ट्राइक रेट से 14,019 रन बना चुके हैं। इसमें 8 शतक और 100 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 124 रन का रहा है। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए 155 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 33.64 की औसत और 147.76 के स्ट्राइक रेट से 4,037 रन बनाए हैं। वह इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।