LOADING...
IPL 2026: SRH के शुरुआती मैचों में ईशान किशन करेंगे कप्तानी, अभिषेक शर्मा होंगे उपकप्तान
SRH के शुरुआती मैचों में ईशान किशन करेंगे कप्तानी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026: SRH के शुरुआती मैचों में ईशान किशन करेंगे कप्तानी, अभिषेक शर्मा होंगे उपकप्तान

Mar 18, 2026
05:13 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मैच से होगी। आगामी सीजन के शुरुआती कुछ मैचों में पैट कमिंस फिटनेस कारणों से उपलब्ध नहीं होंगे। अब खबर है कि कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं, सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा उप-कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट 

भारत में ही अपना रिहैब करेंगे कमिंस 

SRH के करीबी सूत्रों ने क्रिकबज को बताया है कि किशन टीम की कमान संभालेंगे। जल्द ही इस बारे में आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। अभी यह साफ नहीं है कि कमिंस कितने मैच नहीं खेल पाएंगे, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान 23 मार्च को SRH के कैंप में पहुंचेंगे। उम्मीद है कि वह भारत में ही फ्रेंचाइजी के साथ रहकर अपना रिहैब (चोट से उबरने का अभ्यास) करेंगे।

कप्तानी 

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कप्तानी कर चुके हैं किशन 

किशन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड की कप्तानी कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में खेलते हुए झारखंड ने यह घरेलू टी-20 खिताब जीता था। किशन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2026 में 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए थे। वह संजू सैमसन के बाद इस संस्करण में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज रहे थे।

Advertisement

कमिंस 

चोट के कारण फिलहाल मैदान से दूर हैं कमिंस 

कमिंस दिसंबर से ही मैदान से बाहर हैं। उस समय उन्होंने एडिलेड में सिर्फ एक एशेज टेस्ट खेला था। उस मैच के बाद में पीठ की पुरानी चोट की वजह से उन्हें टीम से बाहर रहना पड़ा था। वह हाल ही में सम्पन्न हुए टी-20 विश्व कप 2026 भी नहीं खेल पाए थे, लेकिन उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) से अपने IPL कॉन्ट्रैक्ट को पूरा करने की मंजूरी मिल गई है।

Advertisement

कप्तानी 

IPL में कैसी रही है कमिंस की कप्तानी?

कमिंस ने SRH की कप्तानी करते हुए 30 मैच खेले हैं, जिनमें से 15 में टीम को जीत मिली और 14 में हार का सामना करना पड़ा। इस बीच एक मैच बेनतीजा भी रहा। 2024 में उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया, जहां उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। IPL 2025 में SRH छठे स्थान पर रही थी, जिसमें टीम ने 6 मैच जीते और 7 हारे थे।

Advertisement