IPL 2026: क्या चोटिल हैं जसप्रीत बुमराह? कोच महेला जयवर्धने का बड़ा बयान आया सामने
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) की खराब फॉर्म के साथ-साथ जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन भी चिंता का कारण बना हुआ है। टीम के मुख्य तेज गेंदबाज बुमराह ने इस सीजन 5 मैचों में अब तक एक भी विकेट नहीं लिया है। उनकी रफ्तार भी इस संस्करण औसतन 130 किलोमीटर/घंटा के आसपास रही है। अब बुमराह और उनकी चोट को लेकर कोच महेला जयवर्धने ने बड़ा बयान दिया है।
बयान
जयवर्धने ने क्या कहा?
जयवर्धने ने बुमराह की अस्थिर रफ्तार पर सवाल के जवाब में कहा, "शुरुआत में उन्हें टी-20 विश्व कप के दौरान हल्की चोट लगी थी। हम उन्हें धीरे-धीरे लय में लाना चाहते थे और पिछले कुछ मैचों में उनकी रफ्तार बढ़ी है। हमने इस पर काम किया है, अब वह पूरी तरह सहज हैं। कभी-कभी किस्मत का साथ भी जरूरी होता है।" जयवर्धने ने बुमराह का समर्थन करते हुए कहा कि विरोधी बल्लेबाज उनके खिलाफ संभलकर खेल रहे हैं।
प्रदर्शन
जयवर्धने ने बताई कहां हो रही बुमराह को परेशानी
उन्होंने आगे कहा, "बुमराह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, लेकिन पावरप्ले में हम दबाव नहीं बना पा रहे हैं। विपक्षी बल्लेबाज जानते हैं कि उन्हें बुमराह के खिलाफ ज्यादा जोखिम लेने की जरूरत नहीं है। हमने कुछ नए प्रयोग किए, वह भी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बल्लेबाज अच्छा खेल रहे हैं। ऐसा नहीं है कि वह विकेट लेने की कोशिश नहीं कर रहे। उन्होंने श्रेयस अय्यर के खिलाफ शुरुआत में शानदार गेंदें डालीं, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया।"
आसान
बुमराह एक बार विकेट लेना शुरू करेंगे तो उनको रोकना मुश्किल
MI के कोच ने अपने बयान में आगे कहा, "एक बार बुमराह विकेट लेना शुरू कर देंगे तो उन्हें रोकना आसान नहीं होगा। एक गेंदबाजी इकाई के तौर पर जैसा मैंने पहले भी कहा, हम अलग-अलग पिचों पर बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाने में सफल नहीं हो पाए हैं। यही कमी हमारी गेंदबाजी में नजर आ रही है। हमें इस पर काम करने की जरूरत है और यह समझना होगा कि किन क्षेत्रों में सुधार करना है।"
जानकारी
IPL 2026 में ऐसा रहा है बुमराह का प्रदर्शन
IPL 2026 में बुमराह ने 5 मुकाबलों में 8.63 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है। उन्हें एक भी विकेट नहीं मिल पाया है। उन्होंने 0/35, 0/21, 0/32, 0/35 और 0/41 के आंकड़े दर्ज किए हैं। IPL 2025 में इस खिलाड़ी ने 18 विकेट लिए थे।