IPL 2026: केएल राहुल का बतौर सलामी बल्लेबाज कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपने अभियान का आगाज 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच से करेगी। इस सीजन में DC की टीम से केएल राहुल सलामी बल्लेबाज के तौर पर नजर आएंगे। DC के प्रमुख कोच हेमांग बदानी और क्रिकेट डायरेक्टर वेणुगोपाल राव ने ये पुष्टि की। इस बीच राहुल के IPL में सलामी बल्लेबाज के तौर पर किए प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
बतौर सलामी बल्लेबाज 4,000+ रन बना चुके हैं राहुल
राहुल ने बतौर सलामी बल्लेबाज अब तक 103 मैच खेले हैं और इसकी 103 ही पारियों में उन्होंने 49.64 की औसत और 138.14 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,418 रन बनाए हैं। पारी की शुरुआत करते हुए राहुल से ज्यादा रन सिर्फ शिखर धवन (6,362), डेविड वार्नर (5,910), विराट कोहली (5,009) और क्रिस गेल (4,480) ने बनाए हैं। हालांकि, इन सभी बल्लेबाजों में राहुल का औसत सबसे बेहतर है।
शतक
5 शतक लगा चुके हैं राहुल
राहुल ने अपने IPL करियर में कुल 5 शतक लगाए हैं और ये सभी सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलते हुए आए हैं। बतौर सलामी बल्लेबाज राहुल से ज्यादा शतक सिर्फ कोहली (8), जोस बटलर (7) और गेल (6) ने लगाए हैं। राहुल 3 अलग-अलग टीमों से शतक लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने DC, LSG और PBKS का प्रतिनिधित्व करते हुए लीग में शतक लगाए हुए हैं।
ऑरेंज कैप
ओपनिंग करते हुए ऑरेंज कैप जीत चुके हैं राहुल
PBKS की कप्तानी (तब किंग्स इलेवन पंजाब) करते हुए राहुल ने IPL 2020 में शीर्ष स्कोरर रहते हुए ऑरेंज कैप हासिल की थी। उन्होंने पारी की शुरुआत करते हुए 14 मैचों में 55.83 की औसत से 670 रन बनाए थे। उन्होंने 132 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ एक शतक और 5 अर्धशतक भी लगाए थे। राहुल के बाद उस सीजन में दूसरे सबसे ज्यादा रन धवन (618) ने बनाए थे।
आंकड़े
शानदार रहा है राहुल का IPL करियर
राहुल ने साल 2013 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 145 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 136 पारियों में 46.21 की औसत से 5,222 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 41 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 134* रन का रहा है। उन्होंने विकेट के पीछे भी शानदार प्रदर्शन किया है।