IPL 2026: PBKS के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेलेंगे हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव- रिपोर्ट
क्या है खबर?
मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या और उपकप्तान सूर्यकुमार यादव धर्मशाला में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेलेंगे। ऐसे में टीम किसी नए खिलाड़ी की कप्तानी में उतर सकती है। हालांकि, इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि हार्दिक का ट्रेड होने वाला है। कई मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसी अटकलें जरूर चल रही हैं, लेकिन फिलहाल इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि या संकेत सामने नहीं आए हैं। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
खिलाड़ी
ये खिलाड़ी हो सकते हैं कप्तान
रोहित शर्मा के दोबारा कप्तानी संभालने की संभावना काफी कम मानी जा रही है। जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा सबसे बड़े दावेदार बताए जा रहे हैं। क्रिकबज के अनुसार, अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है। बुमराह के अनुभवी होने के कारण ये जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जा सकती है। बुमराह पहले भी भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं। वह 2013 से MI के साथ जुड़े हुए हैं और टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।
टीम
टीम के साथ नजर नहीं आए हैं दोनों खिलाड़ी
सूर्यकुमार और हार्दिक पिछले 2 दिनों से धर्मशाला में टीम के साथ नजर नहीं आए हैं और अभी तक वहां नहीं पहुंचे हैं। दोनों खिलाड़ियों के टिकट बुक किए गए थे, लेकिन उनके यात्रा करने की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है। सूर्यकुमार यादव ही में पिता बने हैं और MI प्रबंधन हमेशा खिलाड़ियों के पारिवारिक मामलों को लेकर संवेदनशील रवैया अपनाता रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि हार्दिक चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं है।
नकारा
हार्दिक बने रहेंगे टीम का हिस्सा
हार्दिक के किसी दूसरी फ्रेंचाइजी में ट्रेड होने की सभी अटकलों को खारिज किया गया है। सोशल मीडिया के एक वर्ग में चर्चा चल रही थी कि MI अपने कप्तान को ट्रेड कर सकती है, लेकिन टीम से जुड़े लोगों ने इन खबरों को निराधार बताया है। फिलहाल IPL सीजन जारी है और फ्रेंचाइजी इस तरह की किसी संभावना पर न तो विचार कर रही है और न ही कोई चर्चा हो रही है।