IPL 2026: क्या है गुजरात टाइटंस की मजबूती और कमजोरी? जानिए टीम का विश्लेषण
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च को हो जाएगी, जिसमें गुजरात टाइटंस (GT) अपना पहला मैच 31 मार्च को पंजाब किंग्स (PBKS) से खेलेगी। IPL 2025 में GT की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही थी। हालांकि, उसे MI के खिलाफ 20 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार भी शुभमन गिल की कप्तानी में टीम खेलेगी। ऐसे में GT की टीम की मजबूती और कमजोरी के बारे में जानते हैं।
टीम
ऐसी है GT की पूरी टीम
बल्लेबाज: शुभमन गिल (कप्तान), शाहरुख खान और साई सुदर्शन। ऑलराउंडर: निशांत संधु, राशिद खान, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, अरशद खान, साई किशोर और जेसन होल्डर। विकेटकीपर: अनूज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स और टॉम बैंटन। गेंदबाज: गुरनूर ब्रार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा,पृथ्वी राज यारा और ल्यूक वुड। IPL 2026 के लिए हुई नीलामी में GT ने होल्डर को 7 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
मजबूती
ये है टीम की मजबूती
शुभमन और बटलर की सलामी जोड़ी GT के लिए सफल साबित हो सकती है। इनके अलावा निरंतर रन बनाने वाले सुदर्शन से GT का शीर्षक्रम अच्छा नजर आता है। टीम में रबाडा, सिराज, प्रसिद्ध और राशिद के रूप में अच्छे गेंदबाजी विकल्प भी मौजूद हैं। रबाडा और सिराज नई गेंद से घातक साबित हो सकते हैं। वहीं, सुंदर, तेवतिया और साई किशोर जैसे स्पिन ऑलराउंडर टीम को बेहतर संतुलन देते हैं।
कमजोरी
ये है GT की कमजोरी
GT की सबसे बड़ी कमजोरी उनका मध्यक्रम अस्थिर होना और डेथ ओवर्स में गेंदबाजी की निरंतरता की कमी हो सकती है। पिछले सीजनों में टीम कई बार मजबूत शुरुआत के बावजूद बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच पाई। इसके अलावा तेज गेंदबाजी आक्रमण कुछ हद तक चुनिंदा खिलाड़ियों पर निर्भर दिखता है, जिससे दबाव की स्थिति में विकल्प सीमित हो जाते हैं। यदि यह संतुलन नहीं सुधरा तो टीम को करीबी मुकाबलों में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है GT की प्लेइंग इलेवन
GT के पास शुभमन और सुदर्शन के रूप में उम्दा सलामी जोड़ी मौजूद है। विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो GT के पास बटलर, फिलिप्स, राशिद और रबाडा मौजूद हैं। इस बार नीलामी में होल्डर को GT ने अपने साथ जोड़ा है और उन्हें टीम में बतौर इम्पैक्ट प्लेयर मौका मिल सकता है। बेस्ट प्लेइंग इलेवन: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, साई किशोर, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।