IPL 2026: GT बनाम MI मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी अहमदाबाद की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 30वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। इस संस्करण GT ने 5 मुकाबले खेले हैं। 3 मैच में उसे जीत और 2 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, MI ने अब तक 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से उसे 4 में हार किली है और सिर्फ एक मैच में जीत मिली है। ऐसे में आइए मैच से जुड़ी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
MI के खिलाफ GT का पलड़ा रहा है भारी
IPL के इतिहास में GT और MI के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान GT को 5 मैच में जीत मिली है। 3 मुकाबले MI ने अपने नाम किए हैं। दोनों टीमों के बीच IPL 2025 में 3 मुकाबले हुए थे। पहले 2 मैच में GT को जीत मिली थी। आखिरी मैच MI ने 20 रन से अपने नाम किया था। IPL 2024 में हुए मैच में GT को 6 रन से शानदार जीत मिली थी।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है GT की प्लेइंग इलेवन
GT को आखिरी मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 5 विकेट से जीत मिली थी। उस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने 86 रन की पारी खेली थी। ऐसे में MI के खिलाफ वह एक और उम्दा पारी खेलना चाहेंगे। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा से उम्मीद होगी। संभावित एकादश: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अशोक शर्मा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
MI
इस संयोजन के साथ उतर सकती है MI
MI के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस संस्करण एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। ऐसे में वह GT के खिलाफ मैच में शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को हर हाल में जीत दिलाना चाहेंगे। कप्तान हार्दिक पांड्या से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। संभावित एकादश: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), विल जैक्स, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह।
जानकारी
ये हो सकते हैं दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर
MI: अल्लाह गजनफर, कॉर्बिन बॉश, राज बावा, रॉबिन मिंज और अश्ववनी कुमार। GT: जेसन होल्डर, शाहरुख खान, मानव सुथार, कुलवंत खेजरोलिया और अनुज रावत।
पिच
कैसा रहेगा पिच का मिजाज?
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। IPL को देखते हुए यहां रनों से भरी हुई पिच पर मैच हो सकता है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
एक्यूवेदर के मुताबिक 20 अप्रैल को अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच रात 7:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में खिलाड़ियों को गर्मी से कम परेशानी होगी। मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
GT के लिए शुभमन ने पिछले 9 मैचों में 54.5 की औसत से 436 रन बनाए हैं। सुदर्शन के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 390 रन निकले हैं। MI के लिए सूर्यकुमार ने पिछले 10 मैच में 156.75 की स्ट्राइक रेट से 348 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में प्रसिद्ध ने पिछले 10 मैच में 9.5 की इकॉनमी से 17 विकेट लिए हैं। MI से बुमराह ने पिछले 10 मैचों में 7.43 की इकॉनमी से 7 विकेट चटकाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
GT और MI के बीच यह मुकाबला 20 अप्रैल को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।