IPL 2026, फाइनल: RCB ने GT को हराते हुए लगातार दूसरा खिताब जीता, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराते हुए खिताब जीता। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में GT ने पहले खेलते हुए 155/8 का स्कोर बनाया। जवाब में RCB ने विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी (75*) की मदद से लक्ष्य हासिल किया। इसके साथ ही रजत पाटीदार लगातार 2 खिताब जीतने वाले सिर्फ तीसरे कप्तान बने। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती RCB की टीम
GT से शुभमन गिल (10) और साई सुदर्शन (12) जल्दी आउट हुए। इसके बाद निशांत सिंधु (20) और जोस बटलर (19) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। संकट की घड़ी में वाशिंगटन सुंदर (50*) ने अर्धशतक लगाते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में RCB को वेंकटेश अय्यर (32) और कोहली ने उम्दा शुरुआत दिलाई और टीम ने 18 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। टिम डेविड ने 24 रन का योगदान दिया।
सुंदर
सुंदर ने इस सीजन अपना तीसरा अर्धशतक लगाया
GT को पहले बल्लेबाजी करते हुए 55 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा था। इसके बाद बल्लेबाजी पर आए सुंदर ने एक छोर संभालकर टीम के स्कोर आगे बढ़ाया। उन्होंने टीम के अन्य बल्लेबाजों के साथ छोटी-छोटी साझेदारी करते हुए टीम के स्कोर को 155 रन तक पहुंचाने में मदद की। वह 37 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 50 रन बनाकर नाबाद रहे। मौजूदा सीजन में यह उनका तीसरा अर्धशतक रहा।
सुंदर
सुंदर ने बनाया ये रिकॉर्ड
इस अर्धशतकीय पारी के साथ सुंदर ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह IPL में GT के लिए नंबर-4 या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए संयुक्त रूप से सर्वाधिक अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में हार्दिक पांड्या और डेविड वार्नर की बराबरी कर ली है। तीनों खिलाड़ियों ने इस क्रम पर 3-3 अर्धशतक जड़े हैं। सूची में विजय शंकर और शाहरुख खान दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 2-2 अर्धशतक जड़े हैं।
रासिख
रासिख सलाम ने लिए 3 विकेट
फाइनल मैच में रासिख ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट 6.80 की रही। इस खिलाड़ी ने निशांत सिंधु (20), राहुल तेवतिया (7) और राशिद खान (7) को अपना शिकार बनाया। पहले क्वालीफायर मुकाबले में भी रासिख ने GT के खिलाफ लाजवाब गेंदबाजी की थी। उन्होंने केवल 24 रन खर्च किए थे और 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। उस मैच में RCB को 92 रन से जीत मिली थी।
कोहली
कोहली ने लगाया अर्धशतक
लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने उम्दा पारी खेली। यह उनके IPL करियर का 68वां और GT के खिलाफ 5वां अर्धशतक साबित हुआ, जिसे उन्होंने 25 गेंदों में पूरा किया। यह उनके IPL करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी रहा है। वह 42 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर नाबाद रहे। दिलचस्प रूप से उन्होंने लगातार चौथे सीजन में 600 या उससे अधिक रन बनाने में सफलता हासिल की।
जानकारी
बटलर ने बनाया ये अनचाहा रिकॉर्ड
बटलर ने 82.60 की स्ट्राइक रेट से 23 गेंदों में एक चौके की बदौलत 19 रन बनाए। वह IPL के फाइनल में तीसरी सबसे धीमी पारी (कम से कम 20 गेंद) खेलने वाले बल्लेबाज बने। मैथ्यू हेडन (54.83) और दिनेश कार्तिक (80.76) उनसे आगे हैं।
RCB
लगातार 2 फाइनल जीतने वाली तीसरी टीम बनी RCB
RCB अब IPL के इतिहास में लगातार 2 खिताब (2025 और 2026) जीतने वाली सिर्फ तीसरी टीम बनी। इससे पहले मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ऐसा कर चुकी थी। बता दें कि MI ने 2020, 2019, 2017, 2015, और 2013 में ट्रॉफी जीती हैं। वहीं, CSK ने 2023, 2021, 2018, 2011, और 2010 में खिताब पर कब्जा जमाया है। KKR ने 3 खिताब जीते हैं। डेक्कन चार्जर्स, SRH, RR और GT ने एक-एक खिताब जीते हैं।
जानकारी
इन कप्तानों की सूची में शामिल हुए पाटीदार
पाटीदार खिताब का बचाव करने वाले सिर्फ तीसरे कप्तान बने। उनसे पहले रोहित शर्मा (2019 और 2020) और महेंद्र सिंह धोनी (2010 और 2011) ऐसा कर चुके हैं।