LOADING...
IPL 2026 के फाइनल में बारिश आई तो क्या होगा?
IPL 2026 का फाइनल अहमदाबाद में खेला जाएगा (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026 के फाइनल में बारिश आई तो क्या होगा?

May 30, 2026
01:49 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा। दोनों टीमें दूसरी बार IPL खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी, ऐसे में कांटे की टक्कर की पूरी उम्मीद है। हालांकि, अगर बारिश के कारण मैच प्रभावित होता है तो क्या होगा?, आइए जान लेते हैं।

मौसम

कैसा रहेगा मौसम?

एक्यूवेदर के मुताबिक, 31 मई को अहमदाबाद में गर्मी होगी। अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। IPL 2025 का फाइनल और क्वालीफायर-2 इसी मैदान पर खेला गया था। क्वालीफायर-2 के दौरान बारिश आई थी और मैच देरी से शुरू हुआ था। IPL 2023 में तो चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और GT के बीच फाइनल अहमदाबाद में बारिश के कारण 2 दिनों तक खेला गया था।

नियम

क्या कहते हैं नियम?

नियमों के अनुसार, फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है। अगर बारिश के कारण 31 मई को मैच नहीं हुआ तो 1 जून को खेला जाएगा। हालांकि, पहले कोशिश की जाएगी कि 31 मई को ही मैच खेला जाए, चाहे ओवर ही क्यों न कम करने पड़ें। अगर ऐसा हुआ कि 31 मई और 1 जून को एक-एक ओवर का खेल भी न हो पाए तो अंक तालिका में ऊपर रहने के कारण RCB को विजेता घोषित किया जाएगा।

Advertisement

टॉस

क्या अगले दिन नया टॉस होगा?

पूरा मैच या फिर कम से कम 5 ओवर का खेल भी संभव नहीं होता तो मुकाबला सीधे रिजर्व डे में जाता है। इस स्थिति में मैच को वहीं से आगे बढ़ाया जाता है जहां वह रुका था। वहीं, अगर पहले दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी गई तो नए सिरे से टॉस कराया जाता है। दोनों दिन अधिकतम 120 मिनट का अतिरिक्त समय उपलब्ध होता है, ताकि जरूरत पड़ने पर मैच को छोटा करके भी पूरा कराया जा सके।

Advertisement

हेड-टू-हेड

दोनों टीमों के बीच रही है कांटे की टक्कर 

IPL में दोनों टीमों के बीच 9 मुकाबले हुए हैं, जिसमें RCB ने 5 मैच जीतकर बढ़त हासिल की है, जबकि GT ने 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। इस सीजन दोनों टीमों के बीच 3 भिड़ंत हुई हैं। पहले मुकाबले में RCB ने 92 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके बाद खेले गए दूसरे मैच में GT ने 4 विकेट से बाजी मारी। आखिरी मुकाबले में RCB ने 5 विकेट से जीत हासिल की थी।

Advertisement