LOADING...
IPL 2026 फाइनल: GT बनाम RCB मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, कैसी होगी अहमदाबाद की पिच?
दोनों टीमों के बीच एक जोरदार भिड़ंत देखने को मिल सकती है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026 फाइनल: GT बनाम RCB मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, कैसी होगी अहमदाबाद की पिच?

May 30, 2026
12:03 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा, जहां गुजरात टाइटंस (GT) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमों ने अब तक एक-एक बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की है, ऐसे में यह मुकाबला बराबरी का माना जा रहा है। फाइनल GT के घरेलू मैदान पर है, जिससे उन्हें फैंस और परिस्थितियों का अतिरिक्त फायदा मिल सकता है। खिताब जीतने के लिए दोनों टीमें अपनी पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयार हैं।

हेड-टू-हेड

दोनों टीमों के बीच रही है कांटे की टक्कर 

IPL में दोनों टीमों के बीच 9 मुकाबले हुए हैं, जिसमें RCB ने 5 मैच जीतकर बढ़त हासिल की है, जबकि GT ने 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। इस सीजन दोनों टीमों के बीच 3 भिड़ंत हुई हैं। पहले मुकाबले में RCB ने 92 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके बाद खेले गए दूसरे मैच में GT ने 4 विकेट से बाजी मारी। आखिरी मुकाबले में RCB ने 5 विकेट से जीत हासिल की थी।

प्लेइंग इलेवन

इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है RCB 

RCB ने पहले क्वालीफायर में GT को हराया था। ऐसे में टीम अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बड़ा बदलाव नहीं करेगी। शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान रजत पाटीदार एक और मजबूत पारी खेलने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। वहीं, गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार पर रहेगी। संभावित एकादश: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड और रासिख सलाम डार।

Advertisement

GT

इस प्लेइंग इलेवन के साथ नजर आ सकती है GT 

GT ने अपने पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) को 7 विकेट से हराया था। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी खेली थी। अहमदाबाद में इस खिलाड़ी का बल्ला खूब चलता है। ऐसे में उनसे एक और जोरदार पारी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज बेहतर करना चाहेंगे। संभावित एकादश: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, साई किशोर, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।

Advertisement

जानकारी

ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर

GT: राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र और अरशद खान। RCB: रोमारियो शेफर्ड, सुयश शर्मा, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह और जॉर्डन कॉक्स।

पिच रिपोर्ट

कैसा है नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच का मिजाज?

नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्‌टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। हाउस्टेट के मुताबिक, IPL में यहां पहली पारी का औसत स्कोर 177 रन है।

जानकारी

ऐसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम

एक्यूवेदर के मुताबिक, 31 मई को अहमदाबाद में अच्छी गर्मी होगी। दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। मैच की शुरुआत शाम 7:30 बजे होगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है।

प्रदर्शन

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें 

GT के लिए सुदर्शन ने पिछले 10 मैचों में 163.35 की स्ट्राइक रेट से 575 रन बनाए हैं। शुभमन के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 457 रन निकले हैं। RCB के लिए कोहली ने पिछले 10 मैच में 168.32 की स्ट्राइक रेट से 372 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में रबाडा ने पिछले 10 मैच में 9.26 की इकॉनमी से 18 विकेट लिए हैं। RCB से भुवनेश्वर ने पिछले 10 मैचों में 7.64 की इकॉनमी से 19 विकेट चटकाए हैं।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

GT और RCB के बीच यह मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement