IPL 2026: हसरंगा को लेकर संदेह बरकरार, पथिराना जल्द कर सकते हैं वापसी
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए वनिंदु हसरंगा को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है। फ्रेंचाइजी ने स्पिन गेंदबाज को 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था, लेकिन वह अब तक टीम से नहीं जुड़े हैं। दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए मथीशा पथिराना की वापसी की उम्मीदें बढ़ रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, पथिराना ने अच्छी रिकवरी की है और जल्द मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
हसरंगा
हसरंगा की उपलब्धता पर संशय
हसरंगा ने अभी तक IPL 2026 में अपनी उपलब्धता को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं दी है। बताया जा रहा है कि श्रीलंका क्रिकेट (SLC) उन्हें NOC देने से पहले फिटनेस टेस्ट कराना चाहता है, जो अब तक नहीं हुआ है। ऐसे में LSG के लिए उनकी वापसी अनिश्चित बनी हुई है और टीम मैनेजमेंट विकल्प तलाश सकता है। 28 वर्षीय हसरंगा पिछले करीब 2 महीने से मैदान से दूर हैं। उन्हें बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी।
पथिराना
जल्द वापसी कर सकते हैं पथिराना
पथिराना की वापसी को लेकर KKR के लिए अच्छी खबर है। क्रिकबज के मुताबिक, उन्होंने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है। हालांकि, वह अभी पूरी गति से गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। अपने पहले दोनों मैच हार चुकी टीम को उम्मीद है कि पथिराना जल्द फिट हो जाएंगे। उनकी वापसी से KKR की गेंदबाजी को मजबूती मिल सकती है। टीम ने उन्हें 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। पथिराना IPL 2026 से पहले अभ्यास के दौरान चोटिल हुए थे।