IPL 2026: डोनोवन फरेरा ने SRH के खिलाफ लगाया पहला अर्धशतक
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 21वें मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ शिकस्त मिली। हैदराबाद में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 217 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी। RR की ओर से डोनोवन फरेरा ने 69 रन की पारी खेली। यह उनके IPL करियर का पहला अर्धशतक साबित हुआ। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही फरेरा की पारी
RR ने जब 9 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट गंवाया, तब फरेरा क्रीज पर आए। उन्होंने शीर्षक्रम के बिखर जाने के बाद रविंद्र जडेजा के साथ मिलकर पारी को संभाला। इस प्रोटियाज बल्लेबाज ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने जडेजा के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की। वह 44 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए।
RR
RR को इस तरह से मिली हार
SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216/6 का स्कोर बनाया। अभिषेक शर्मा (0) और ट्रेविस हेड (18) के जल्दी आउट होने के बाद ईशान किशन (91) और हेनरिक क्लासेन (40) ने मोर्चा संभाला। इसके बाद नितीश रेड्डी (28) और सलिल अरोरा (24*) ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में RR ने 9 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी टीम ने निरंतर विकेट गंवाए और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई।