IPL 2026: क्या है दिल्ली कैपिटल्स की मजबूती और कमजोरी? जानिए टीम का विश्लेषण
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 संस्करण की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइडर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मैच से होगी। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) के खिलाफ करेगी। DC पिछले संस्करण 5वें स्थान पर रही थी। ऐसे में अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी। आइए इस टीम की कमजोरी और मजबूती के बारे में विस्तार से जानते हैं।
टीम
ऐसी है DC की पूरी टीम
बल्लेबाज: करुण नायर, नितीश राणा, समीर रिजवी, डेविड मिलर, बेन डकेट, पथुम निशांका, साहिल प्रकाश और पृथ्वी शॉ। ऑलराउंडर: आशुतोष शर्मा, अक्षर पटेल, अजय मंडल, माधव तिवारी, त्रिपुराना विजय और विप्रज निगम। विकेटकीपर: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स। गेंदबाज: आकिब नबी डार, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, टी नटराजन, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी और काइल जैमीसन। IPL 2026 की नीलामी में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को DC ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा है।
मजबूती
क्या है दिल्ली की मजबूती?
IPL में DC की सबसे बड़ी मजबूती उसका बेहद संतुलित और गहराई वाला बल्लेबाजी क्रम है, जिसमें राहुल, मिलर और स्टब्स जैसे अनुभवी और आक्रामक खिलाड़ी शामिल हैं। टीम के पास आशुतोष और रिजवी जैसे मजबूत फिनिशर्स भी हैं, जो आखिरी ओवरों में मैच का रुख बदल सकते हैं। इसके अलावा अक्षर की कप्तानी में DC के पास ऑलराउंडर खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है। स्टार्क, एनगिडी व कुलदीप जैसी धारदार गेंदबाजी इकाई टीम को खिताब का प्रबल दावेदार बनाती है।
कमजोरी
क्या है दिल्ली की सबसे बड़ी कमजोरी?
IPL में DC की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी अस्थिर शीर्षक्रम बल्लेबाजी हो सकती है, जो दबाव में जल्दी टूट जाती है। टीम की तेज गेंदबाजी काफी हद तक स्टार्क पर निर्भर नजर आती है, जिससे उनके फॉर्म या फिटनेस पर असर पड़ने का खतरा बना रहता है। शुरुआती मुकाबलों में वह टीम का हिस्सा भी नहीं है। इसके अलावा मध्यक्रम में निरंतरता की कमी और स्पिन के खिलाफ कमजोरी कई मौकों पर टीम के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है DC की बेस्ट प्लेइंग इलेवन
DC ने इस बार डकेट को अपने साथ जोड़ा है। ऐसे में IPL 2026 में DC की टीम से राहुल और डकेट की सलामी जोड़ी नजर आ सकती है। मैच फिनिशर के तौर पर मिलर और आशुतोष 2 अच्छे विकल्प हैं। बेस्ट प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, बेन डकेट, नितीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, डेविड मिलर, आशुतोष शर्मा, आकिब डार, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी और टी नटराजन। रिजवी और मुकेश इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नजर आ सकते हैं।