IPL के डेब्यू मुकाबले में 'प्लेयर ऑफ द मैच' बने जैकब डफी, ऐसा रहा प्रदर्शन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 6 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में RCB के लिए डेब्यू कर रहे जैकब डफी को उनकी घातक गेंदबाजी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। डफी के अलावा रोमारियो शेफर्ड ने भी RCB के लिए 3 विकेट अपने नाम किए। RCB ने नीलामी में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज को 2 करोड़ रुपये में खरीदा था।
गेंदबाजी
ऐसी रही डफी की गेंदबाजी
डफी ने 22 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 5.50 की रही। इस खिलाड़ी ने ट्रेविस हेड (11), अभिषेक शर्मा (7) और नितीश रेड्डी (1) को अपना शिकार बनाया। डफी की शानदार गेंदबाजी के कारण एक समय SRH के 3 बल्लेबाज 4.2 ओवर में सिर्फ 29 रन पर पवेलियन में थे। टी-20 में डफी ने 169 मैचों में 24.85 की औसत से 192 विकेट लिए हैं। उन्होंने 7 बार 4 विकेट और 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं।
जीत
ऐसे मिली RCB को जीत
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH ने 201/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB ने 4 विकेट खोकर 15.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। RCB के लिए देवदत्त पडिक्कल (61), विराट कोहली (69*) और कप्तान रजत पाटीदार (31) ने शानदार पारियां खेलीं। SRH के लिए कप्तान ईशान किशन ने 80 रन बनाए थे, लेकिन उनकी टीम को मैच में जीत नहीं मिल पाई।