IPL 2026: DC बनाम GT मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी दिल्ली की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 14वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। DC ने अब तक IPL 2026 में 2 मुकाबले खेले हैं और उसे दोनों मैच में जीत मिली है। वहीं, GT इस संस्करण में अपनी पहली जीत हासिल करना चाहेगी। शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस टीम ने 2 मैच खेले हैं और उसे दोनों में हार मिली है। आइए मुकाबले से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
दोनों टीमों के बीच रही है कांटे की टक्कर
IPL के इतिहास में दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान DC ने 3 मैच जीते हैं। वहीं, GT को 4 मैच में जीत मिली है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले हुए थे। उन दोनों मैच को GT ने अपने नाम किया था। वहीं, IPL 2024 में हुए 2 मुकाबलों को DC ने अपने नाम किया था। अब तक खेले गए मुकाबलों में दोनों टीमों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली है।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है GT की प्लेइंग इलेवन
GT के कप्तान शुभमन पिछला मुकाबला नहीं खेल पाए थे। DC के खिलाफ उनकी वापसी तय मानी जा रही है। उनसे बड़ी पारी की भी उम्मीद होगी। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज अभी लय में नजर नहीं आए हैं। ऐसे में वह अपना खोया हुआ फॉर्म प्राप्त कर टीम को जीत दिलाना चाहेंगे। संभावित एकादश: शुभमन गिल (कप्तान) साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान (कप्तान), कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
संयोजन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है DC
पहले 2 मैच में मिली शानदार जीत के बाद DC अपने प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने को नहीं देखेगी। हालांकि, टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल अपना खोया हुआ फॉर्म प्राप्त करना चाहेंगे। पहले 2 मुकाबलों में उनका बल्ला बिल्कुल खामोश रहा था। वहीं, स्पिन गेंदबाजी की कमान कुलदीप यादव संभालेंगे। संभावित एकादश: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
DC: अशुतोष शर्मा, आकिब नबी डार, समीर रिजवी, दुष्मंथा चमीरा और करुण नायर। GT: शाहरुख खान, जेसन होल्डर, मानव सुथार, अनुज रावत और जयंत यादव।
पिच
कैसा होगी पिच?
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग है। तेज आउटफील्ड और छोटी सीमाएं बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने की प्रेरित करती हैं। इस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। ऐसे में उन्हें विकेट निकालने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होते हैं। स्पिनरों को पिच से मदद मिलती है और उनका रिकॉर्ड भी अच्छा है। इस स्टेडियम की पिच काली मिट्टी से बनी है, जो काफी कठोर और सपाट है।
जानकारी
ऐसा रहेगा दिल्ली का मौसम
एक्यूवेदर के मुताबिक 8 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में गर्मी से खिलाड़ियों को परेशानी नहीं होगी। बारिश की संभावना 65 प्रतिशत है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
राहुल ने पिछले 10 मुकाबलों में 143.8 की स्ट्राइक रेट से 302 रन बनाए हैं। रिजवी के बल्ले से पिछले 5 मैच में 257 रन निकले हैं। GT के लिए सुदर्शन ने पिछले 10 मैचों में 158.41 की स्ट्राइक रेट से 480 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में मुकेश ने पिछले 8 मैच में 10 विकेट चटकाए हैं। अक्षर के नाम 7 मैच में 6 विकेट है। GT के लिए कृष्णा ने पिछले 10 मैच में 15 विकेट लिए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
DC और GT के बीच यह मुकाबला 8 अप्रैल को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।