IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने आयरलैंड के जॉन मूनी को अपना फील्डिंग कोच बनाया
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने आयरलैंड के पूर्व खिलाड़ी जॉन मूनी को अपना फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। मूनी एशिया कप 2026 के दौरान अफगानिस्तान के साथ काम करते हुए नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने वेस्टइंडीज की टीम के साथ भी कोचिंग की है। बता दें कि DC अपने अभियान की शुरुआत लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 1 अप्रैल को होने वाले मैच से करेगी।
कोचिंग स्टाफ
ऐसा है DC का कोचिंग दल
DC ने औपचारिक रूप से ऐलान किया है। इसके साथ ही मूनी DC के प्रमुख कोच हेमांग बदानी की अगुवाई वाले कोचिंग दल में शामिल हो गए हैं। इस टीम के गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल हैं और असिस्टेंट कोच की भूमिका में इयान बेल हैं। इनके अलावा वेणुगोपाल राव डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट हैं। पिछले सीजन में DC के मेंटर रहे केविन पीटरसन IPL 2026 में टीम के साथ नहीं रहेंगे।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
Adding some Irish steel to the Dilli defence 🛡️
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) March 19, 2026
Welcome, John Mooney! 💙❤️ pic.twitter.com/P3KEndk1mj
करियर
मूनी ने आयरलैंड से खेले थे 64 वनडे
मूनी ने आयरलैंड की ओर से 64 वनडे खेले थे, जिसमें 23.48 की औसत और 79.25 की स्ट्राइक रेट के साथ 963 रन बनाए थे। दूसरी तरफ गेंदबाजी में 48 विकेट लिए थे। जब वनडे विश्व कप 2011 में आयरलैंड ने इंग्लैंड को हराकर उलटफेर किया था, तब मूनी उस आयरिश टीम के प्रमुख सदस्य थे। उन्होंने 27 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 231 रन और गेंदबाजी में 10 विकेट लिए थे।
2025
पिछले संस्करण में अंक तालिका में 5वें स्थान पर रही थी DC
IPL 2025 में DC का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। टीम ने 14 में से 7 मुकाबले जीते, 6 हारे और 1 मुकाबला बेनतीजा रहा था। साल 2020 में फाइनल में पहुंच कर हारने के बाद टीम लय में नहीं आ सकी है। उस संस्करण के बाद DC केवल 2021 में प्लेऑफ में पहुंची थी। 2021 के बाद टीम लगातार 4 साल से प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पाई है।