IPL 2026: CSK टीम प्रबंधन ने 'डोसा, इडली, सांभर' गाने को लेकर दर्ज कराई शिकायत
क्या है खबर?
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) टीम प्रबंधन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में गत 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मुकाबले में बजाए गए एक विवादित गाने को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में शिकायत दर्ज कराई है। दक्षिण भारतीय रूढ़ियों पर आधारित मीम्स में अक्सर इस्तेमाल होने वाला यह गाना 'डोसा, इडली, सांभर, चटनी-चटनी' बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में CSK की पारी से पहले बजाया गया था। आइए पूरा मामला जानते हैं।
निंदा
CSK के प्रबंध निदेशक ने की DJ की टिप्पणियों की निंदा
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, CSK के प्रबंध निदेशक कासी विश्वनाथन ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में DJ की टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा, "IPL मैचों के दौरान DJ आमतौर पर घरेलू टीम का समर्थन करने के लिए मौजूद होते हैं, लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में मामला अलग था। हमारे खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ टिप्पणियां की गईं।" विश्वनाथन ने मामले में BCCI को पत्र लिखकर इस मामले की जांच का अनुरोध करने की पुष्टि की है।
पृष्ठभूमि
क्या है गाने का इतिहास और विवाद?
मूल रूप से संगीतकार गाना अप्पू द्वारा तैयार किए गए इस गाने का अपना एक इतिहास है। यह अक्सर CSK-RCB मैचों और सोशल मीडिया से जुड़ा रहता है। विवाद पिछले साल तब शुरू हुआ जब RCB ने अपने विकेटकीपर जितेश शर्मा का 'डोसा, इडली, सांभर, चटनी-चटनी' गाते हुए एक वीडियो साझा किया था। उसके बाद CSK प्रशंसकों ने उन्हें ट्रोल किया। CSK प्रबंधन ने अपने डीजे को विपक्षी खिलाड़ियों या प्रशंसकों पर कोई टिप्पणी न करने के निर्देश दिए थे।
शिकायत
CSK प्रबंधन ने PAS पर डीजे की टिप्पणियों पर आपत्ति जताई
CSK प्रबंधन ने 5 अप्रैल के मैच में खिलाड़ियों के आउट होने के बाद पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PAS) पर DJ द्वारा की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई है। उनका मानना है कि DJ को बड़े शॉट्स और विकेटों पर उत्साह बढ़ाकर सकारात्मक माहौल बनाना चाहिए, न कि प्रतिद्वंद्वी टीमों को नीचा दिखाना या उनका अपमान करे। CSK के एक अधिकारी ने कहा, "वे प्रतिद्वंद्वी टीमों को नीचा दिखाने या उनका अपमान करने के लिए नहीं हैं।"
प्रतिद्वंद्विता
CSK और RCB के बीच प्रतिद्वंद्विता में हुई बढ़ोतरी
CSK-RCB की प्रतिद्वंद्विता, जिसे दक्षिणी डर्बी के नाम से भी जाना जाता है, पिछले कुछ वर्षों में और भी तीव्र हो गई है। हालांकि, अतीत में CSK का पलड़ा भारी रहा है, लेकिन RCB ने 2024 से लगातार 4 मैच जीते हैं, जिसमें हालिया मैच भी शामिल है। इस मैच के बाद प्रशंसकों के बीच झड़प के वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आए, जिसमें पुलिस को एक झड़प को नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा है।