LOADING...
IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम के कैंटीन कर्मचारी ने महंगे दाम पर बेचे टिकट, हुई गिरफ्तारी
चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई टिकटों की कालाबाजारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम के कैंटीन कर्मचारी ने महंगे दाम पर बेचे टिकट, हुई गिरफ्तारी

Apr 17, 2026
03:35 pm

क्या है खबर?

बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक बड़ा टिकट घोटाला सामने आया है। दरअसल, स्टेडियम में एक कैंटीन कर्मचारी को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के टिकटों को अधिक कीमत पर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। खबरों के मुताबिक, इस स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच 15 अप्रैल को आखिरी मैच खेला गया था, जिसमें टिकट की कालाबाजारी हुई थी। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट 

स्टेडियम की कैंटीन में काम करता था आरोपी

NDTV के मुताबिक, आरोपी की पहचान चंद्रशेखर के रूप में हुई है, जो स्टेडियम के अंदर 'श्री लक्ष्मी कैंटीन' में काम करता था। आरोपी ने LSG बनाम RCB की टीम को असली कीमत से बहुत ज्यादा दाम पर बेचा। बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) के अधिकारियों ने आखिरकार चंद्रशेखर को पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी कथित तौर पर 180 से ज्यादा IPL टिकटों को ब्लैक मार्केट में 15,000 से 19,000 रुपये प्रति टिकट की कीमत पर बेच रहा था।

घोटाला 

कैसे हुई टिकटों की कालाबाजारी?

मैच के टिकट 'टिकटजेनी' नामक एक ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदे गए थे। ये टिकट बड़ी मात्रा में 'स्वस्तिक हेवी इंजीनियरिंग' और 'इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन कंसल्टेंट कंपनी' के नाम पर खरीदे गए थे। बाद में इन टिकटों को दूसरी जगह भेजकर बढ़ी हुई कीमतों पर बेचा गया। KSCA के एक सदस्य गणेश पारेखशीत ने इन टिकटों की सप्लाई की और चंद्रशेखर को ऊंचे दाम पर बेचने का निर्देश दिया। गणेश फिलहाल फरार है, पुलिस उसकी तलाश में है।

Advertisement

रिपोर्ट 

पहले भी इसी तरह का देखने को मिला था मामला

बेंगलुरु में यह कोई पहला मामला नहीं है, जब टिकटों को अवैध रूप से बेचा गया हो। पुलिस ने 28 मार्च, 2026 को RCB और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के बीच हुए IPL मैच के दौरान भी इसी तरह का एक पैटर्न पाया था। जिसमें 6,60,000 रुपये की कीमत वाले 81 टिकट एक ही कंपनी के नाम से खरीदे गए और फिर उन्हें अवैध रूप से अधिक कीमतों पर बेच दिया गया था।

Advertisement