LOADING...
IPL 2026 में इन गेंदबाजों ने चटकाए सबसे ज्यादा विकेट, आंकड़ों से जानिए प्रदर्शन
कगिसो रबाडा ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन किया

IPL 2026 में इन गेंदबाजों ने चटकाए सबसे ज्यादा विकेट, आंकड़ों से जानिए प्रदर्शन

Jun 01, 2026
12:32 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में बल्लेबाजों के धमाकेदार प्रदर्शन के बीच गेंदबाजों ने भी अपनी छाप छोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कई गेंदबाजों ने अपनी टीमों की सफलता में अहम भूमिका निभाई। किसी ने नई गेंद से कहर बरपाया तो किसी ने डेथ ओवरों में बल्लेबाजों को बांधे रखा। फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराया। ऐसे में आइए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

कगिसो रबाडा (29 विकेट)

GT के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा अपनी धारदार गेंदबाजी से पूरे सीजन छाए रहे। उन्होंने 17 मैचों की 17 पारियों में 21.58 की उम्दा औसत के साथ 29 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 9.68 की रही। इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/25 का रहा। उन्होंने इस सीजन एक मेडन ओवर भी डाला। रबाडा ने 'पर्पल कैप' भी अपने नाम किया। IPL 2025 में ये खिलाड़ी सिर्फ 4 मैच ही खेल पाया था।

#2

भुवनेश्वर कुमार (28 विकेट) 

RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 2026 में अपने 16 मैचों के बाद 17.89 की औसत और 7.95 की इकॉनमी के साथ 28 विकेट लिए। यह कुल तीसरा ऐसा सीजन है, जिसमें उन्होंने 25 या उससे अधिक विकेट लिए हैं। इससे पहले 2017 में इस तेज गेंदबाज ने 14 मैचों में 14.19 की बेहतरीन औसत और 7.05 की उम्दा इकॉनमी रेट से 26 विकेट लिए थे। 2017 में भुवनेश्वर को 'पर्पल कैप' मिली थी।

Advertisement

#3

जोफ्रा आर्चर (25 विकेट) 

राजस्थान रॉयल्स (RR) के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के लिए ये सीजन कमाल का रहा। गेंदबाजी में तो उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया ही, कई मैचों में उनकी बल्लेबाजी भी अच्छी रही। इस खिलाड़ी ने 16 मैचों की 16 पारियों में 22.36 की शानदार औसत के साथ 25 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट 9.31 की रही। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/17 का रहा। इस सीजन आर्चर ने पहले ओवर में 7 विकेट चटकाए।

Advertisement

#4

अंशुल कंबोज- राशिद खान (21-21 विकेट)

चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज और GT के राशिद खान संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे। कंबोज ने 14 मैच की 14 पारियों में 25.23 की औसत और 10.52 की इकॉनमी रेट से 21 विकेट अपने नाम किए। इस अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उनकी टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/22 का रहा। राशिद ने 17 पारियों में 24.57 की औसत और 9.07 की इकॉनमी से 21 विकेट अपने नाम किए।

Advertisement