IPL 2026: BCCI टूर्नामेंट के नियमों का उल्लंघन करने वाली टीमों के खिलाफ करेगा कार्रवाई
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नियमों का उल्लंघन करने वाली टीमों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए कार्रवाई करने की योजना की घोषणा की है। यह घोषणा शनिवार को BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने की। उन्होंने कहा कि बोर्ड इन उल्लंघनों से निपटने और लीग की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विभिन्न उपायों पर विचार कर रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं इस पूरे मामले में सैकिया ने क्या कुछ कहा है।
उल्लंघन
IPL 2026 में RR ने 2 बार तोड़े नियम
IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) IPL नियमों के उल्लंघन के कारण 2 बार सुर्खियों में आई है। पहले टीम मैनेजर रविंदर सिंह भिंडर मैच के दौरान डगआउट में फोन का इस्तेमाल करते पकड़े गए। बाद में कप्तान रियान पराग एक अन्य मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में इलेक्ट्रिक सिगरेट पीते पकड़े गए। भिंडर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और साथ ही एक डिमेरिट अंक भी दिया गया।
बयान
सैकिया ने IPL मानकों को बनाए रखने पर दिया अहम बयान
सैकिया ने जोर दिया कि यह सिर्फ खिलाड़ियों या अधिकारियों की बात नहीं है, बल्कि पूरी टीम की बात है। मुंबई में महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा के मौके पर सैकिया ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ मर्यादा बनाए रखनी होगी ताकि IPL की छवि न बिगड़े। उन्होंने लीग में मानकों पर जोर देते हुए कहा, "यह सुनिश्चित करने के लिए हमें निर्णय लेना होगा और हम कुछ कार्रवाई करेंगे।"
प्रतिक्रिया
अनुशासनात्मक कार्रवाई पर क्या बोले संगाकारा?
अनुशासनात्मक कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए RR के मुख्य कोच कुमार संगाकारा ने कहा कि दोनों मामलों को BCCI और फ्रेंचाइजी द्वारा सुलझा लिया गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे अपनी टीम में हमेशा एक सकारात्मक और स्वस्थ संस्कृति बनाए रखने का प्रयास करते हैं। यह बयान नियमों के उल्लंघन के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करने के बावजूद सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के प्रति टीम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।