IPL 2026: RCB के लिए बुरी खबर, नुवान तुषारा होंगे टूर्नामेंट से बाहर- रिपोर्ट
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसके पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से भिड़ेगी। इस बीच RCB के लिए बुरी खबर है। दरअसल, श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा आगामी सीजन से बाहर हो सकते हैं। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने उन्हें IPL के लिए NOC देने से मना किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके नुवान तुषारा
न्यूजवायर के मुताबिक, SLC ने एक नई और सख्त फिटनेस पॉलिसी लागू की है, जिसके लिए उन्हें NOC देने से मना कर दिया है। SLC ने हाल ही में यह अनिवार्य कर दिया है कि खिलाड़ियों को IPL और PSL जैसी फ्रेंचाइजी लीग में हिस्सा लेने की मंजूरी मिलने से पहले, फिजिकल परफॉर्मेंस टेस्ट पास करने होंगे। खबरों के मुताबिक, तुषारा इन फिटनेस टेस्ट को पास करने में नाकाम रहे हैं।
जानकारी
नीलामी में 1.6 करोड़ रुपये में बिके थे तुषारा
पिछले साल हुई नीलामी में तुषारा को RCB ने 1.6 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका बेस प्राइस 75 लाख रुपये था। वह अब तक IPL में सिर्फ 8 मैच खेल सके हैं और उन्होंने कुल 9 विकेट लिए हैं।
मुश्किल
एशिया कप में खेले थे तुषारा
तुषारा ने 2025 के एशिया कप टी-20 में हिस्सा लिया था। इसके बाद टी-20 विश्व कप के लिए टीम में अपनी जगह गंवा बैठे थे। टी-20 विश्व कप के दौरान श्रीलंकाई टीम चोटिल खिलाड़ियों से परेशान थी, लेकिन इसके बावजूद तुषारा को नहीं चुना गया था। अब नए लागू किए गए फिटनेस मानकों के कारण IPL से बाहर होने के चलते उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती है।
NOC
अन्य श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मिली NOC
SLC ने इस बार सख्त रवैया अपनाया है, और केवल उन्हीं खिलाड़ियों को NOC जारी की है, जिन्होंने फिटनेस के नए पैमानों को सफलतापूर्वक पार किया है। दुष्मंथा चमीरा, दासुन शनाका, पथुम निसांका और कामिंदु मेंडिस सहित कई श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने पहले ही ये टेस्ट पास कर लिए हैं और उन्हें IPL में हिस्सा लेने की मंजूरी मिल गई है। इनमें से शनाका को सैम कर्रन के रिप्लेसमेंट के तौर पर RR ने अपनी टीम में शामिल किया था।