IPL 2026: अंगकृष रघुवंशी ने MI के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (51) खेली। यह उनके IPL करियर का तीसरा और MI के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 28 गेंदों पर पूर किया। उनकी पारी की बदौलत ही KKR की टीम मैच में 220/4 का स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही रघुवंशी की पारी और साझेदारी?
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी KKR को 109 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए रघुवंशी ने कप्तान अजिंक्य रहाणे (67) के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 36 और रिंकू सिंह (33*) के साथ चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों में 60 रन की साझेदारी कर स्कोर के 200 के पार पहुंचाया। वह 29 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों से 51 रन बनाकर आउट हुए।
करियर
कैसा रहा है रघुवंशी का IPL करियर?
रघुवंशी ने अपना पहला IPL मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ साल 2024 में खेला था। उन्होंने अब तक 23 मुकाबले खेले हैं और इसकी 19 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 30.24 की औसत से 514 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 147.28 की रही है। उन्होंने 3 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 54 रन रहा है। टी-20 क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने 34 मैच में 785 रन बनाए हैं।