IPL 2026: KKR पर भारी पड़ रही अजिंक्य रहाणे की कप्तानी, जानिए चौंकाने वाले आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम ने 5 मुकाबलों में से 4 में हार झेली है, जबकि 1 मैच बारिश के कारण रद्द रहा। KKR सिर्फ 1 अंक के साथ अंक-तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। रहाणे की कप्तानी में टीम 61 प्रतिशत मुकाबले हार चुकी है। ऐसे में आइए रहाणे की कप्तानी में KKR के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
कप्तान
रहाणे की कप्तानी में ऐसा रहा है KKR का प्रदर्शन
रहाणे ने KKR की कप्तानी 2025 में संभाली थी। अब तक वह 18 मुकाबलों में टीम की अगुआई कर चुके हैं, जिसमें सिर्फ 5 मैचों में जीत मिली है, जबकि 11 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल पाया। KKR ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में IPL 2024 का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन अगले सीजन से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर रहाणे को कप्तानी सौंपी थी।
बल्लेबाजी
बल्लेबाजी में मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाए हैं रहाणे
रहाणे ने इस संस्करण 5 मुकाबले खेले हैं और 1 बार नाबाद रहते हुए 38 की औसत से 152 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला है, जबकि सर्वश्रेष्ठ स्कोर 67 रन है। 67 रन की पारी को छोड़ दें तो इसके बाद उनका प्रदर्शन ज्यादा प्रभावशाली नहीं रहा। अगली पारियों में उन्होंने 8, 8*, 41 और 28 के स्कोर बनाए। उनकी इन पारियों का टीम पर ज्यादा असर नहीं पड़ा और KKR को लगातार हार मिली।
असफल
KKR के दूसरे सबसे असफल कप्तान हैं रहाणे
रहाणे KKR के दूसरे सबसे असफल कप्तान हैं। सूची में पहले स्थान पर ब्रेंडन मैकुलम का नाम आता है। मैकुलम ने KKR की 13 मुकाबलों में कप्तानी की थी, जिसमें टीम को सिर्फ 3 मैचों में जीत मिली, जबकि 9 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। वहीं, 1 मैच का कोई नतीजा नहीं निकल पाया था। उनकी कप्तानी में टीम का हार प्रतिशत 69.23 का रहा था, जो KKR के इतिहास में सबसे खराब है।
करियर
कप्तान के तौर पर 43 मुकाबले खेल चुके हैं रहाणे
रहाणे KKR के अलावा राजस्थान रॉयल्स (RR) और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का भी हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने IPL में पहली बार साल 2017 में कप्तानी की थी। अब तक रहाणे 43 मुकाबलों में कप्तानी कर चुके हैं, जिसमें टीम को 14 मैचों में जीत मिली है, जबकि 27 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। उनकी कप्तानी में जीत प्रतिशत 32.55 का रहा है।