LOADING...
IPL 2026: इन 5 युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से छोड़ी छाप
वैभव सूर्यवंशी ने कमाल का प्रदर्शन किया

IPL 2026: इन 5 युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से छोड़ी छाप

Jun 01, 2026
12:58 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में जहां अनुभवी खिलाड़ियों ने अपनी टीमों को मजबूती दी, वहीं कई युवा सितारों ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा। कुछ ने बल्ले से धमाल मचाया तो कुछ ने गेंदबाजी में बड़े-बड़े नामों को पीछे छोड़ दिया। इस सीजन में कई उभरते खिलाड़ियों ने दबाव भरे मुकाबलों में शानदार खेल दिखाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। आइए उन 5 युवा खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा प्रभावित किया।

#1

वैभव सूर्यवंशी 

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 के सबसे बड़े आकर्षण बनकर उभरे। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने न सिर्फ फैंस, बल्कि दुनिया भर के क्रिकेट दिग्गजों को भी प्रभावित किया। राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस युवा बल्लेबाज ने 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.30 की शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक जड़े, 103 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। वैभव ने सीजन में 63 चौके और 72 छक्के लगाए।

#2

साकिब हुसैन 

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने IPL 2026 में डेब्यू करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने मिले अवसरों का भरपूर फायदा उठाया। साकिब ने 11 मैचों में 26.46 की औसत से 15 विकेट हासिल किए, जबकि उनकी इकॉनमी 9.45 रही। इस दौरान उन्होंने एक मैच में 4 विकेट भी झटके। 4/24 उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन रहा। अपनी सटीक स्लोअर गेंदों और विविधताओं के दम पर साकिब ने कई अनुभवी बल्लेबाजों को परेशान किया।

Advertisement

#3

कूपर कॉनॉली 

पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए IPL 2026 में डेब्यू करने वाले कूपर कॉनॉली ने अपने पहले ही सीजन में शानदार छाप छोड़ी। 22 साल के इस खिलाड़ी ने 14 मैच की 13 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 491 रन बनाए। उनकी औसत 44.63 और स्ट्राइक रेट 163.12 की रही। कॉनॉली ने सीजन में एक शतक और 2 अर्धशतक जड़े, जबकि नाबाद 107 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 43 चौके और 32 छक्के लगाए।

Advertisement

#4

अंगकृष रघुवंशी 

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के 21 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी के लिए IPL 2026 यादगार रहा। हालांकि, सीजन के अंतिम मैचों में चोट के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। उन्होंने 13 मैचों की 12 पारियों में 422 रन बनाए। उनकी औसत 42.20 और स्ट्राइक रेट 146.52 की रही। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक जड़े, जबकि नाबाद 82 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। पूरे सीजन में उन्होंने मध्यक्रम की जिम्मेदारी बखूबी निभाई।

#5

कार्तिक त्यागी 

KKR के कार्तिक त्यागी ने अपनी तेज गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने अपनी रफ्तार से कई बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। इस खिलाड़ी ने 14 मैच की 13 पारियों में 27.66 की औसत से 18 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 9.76 की रही। इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 3/22 का रहा। कार्तिक पहली बार IPL सीजन में 14 मुकाबले खेले। IPL 2025 में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका मिला था।

Advertisement