IPL 2026, 5 दिन शेष: ऐसी 5 रोचक बातें जो इस सीजन को बनाएंगी दिलचस्प
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसके लिए सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में व्यस्त हैं। भारत और विदेश के विश्व स्तरीय खिलाड़ी इस लीग में खेलते हुए दिखेंगे। वहीं, युवा खिलाड़ी भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेंगे। आगामी सीजन के शुरू होने में अब 5 दिन शेष हैं। इस बीच ऐसी 5 रोचक बातों के बारे में जानते हैं, जो आगामी सीजन को दिलचस्प बनाने वाली हैं।
#1
गत विजेता के रूप में पहली बार उतरेगी RCB
IPL के इतिहास की सबसे लोकप्रिय टीमों में से एक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) पहली बार गत विजेता के रूप में चुनौती पेश करेगी। IPL 2026 में RCB अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मैच से करेगी। बता दें कि पिछले सीजन के फाइनल में पंजाब किंग्स (PBKS) को हराते हुए RCB ने खिताब जीता था। शुरुआती 17 सीजन में खिताब जीतने में असफल रही RCB आखिरकार 18वें सीजन में विजेता बनी थी।
#2
पहली बार लीग में खेले जाएंगे 84 मैच
2026 सीजन में मैचों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। आने वाले सीजन में कुल 84 मैच खेले जाएंगे, जो कि आम तौर पर होने वाले 74 मैचों से 10 ज्यादा हैं। इनमें से 80 मैच लीग स्टेज में और बाकी 4 मैच प्लेऑफ में होंगे। गौरतलब हो कि कई राज्यों में विधानसभा चुनावों के चलते, BCCI ने अभी तक IPL का शेड्यूल सिर्फ शुरुआती 20 दिनों के लिए ही जारी किया है।
#3
इस बार CSK की जर्सी में दिखेंगे संजू सैमसन
संजू सैमसन की लोकप्रियता देखते ही बनती है। केरल में जन्में इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने अब तक के IPL करियर में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की ओर से मैच खेले हैं। वह लंबे समय RR की टीम का प्रमुख चेहरा रहे हैं और अपनी कप्तानी में इस टीम को फाइनल तक पहुंचा चुके हैं। वह IPL 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से पहली बार खेलने के लिए तैयार हैं।
#4
क्या महेंद्र सिंह धोनी खेलेंगे अपना आखिरी IPL सीजन?
महेंद्र सिंह धोनी IPL के सबसे मशहूर खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद 7वें साल में भी IPL 2026 में खेलने के लिए तैयार हैं। जुलाई 2026 में धोनी अपने जीवन के 45 साल पूरे कर लेंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि धोनी उम्र के इस पड़ाव में IPL में कब तक खेलना जारी रखेंगे।
#5
डेढ़ दशक बाद RR की जर्सी में दिखेंगे जडेजा
रविंद्र जडेजा एक ट्रेड डील के तहत चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से राजस्थान रॉयल्स (RR) में वापस आ गए थे। बता दें कि जडेजा इससे पहले 2008 और 2009 में RR के लिए खेल चुके हैं। 2008 में जडेजा ने 19.28 की औसत से 135 रन बनाए थे, लेकिन गेंदबाजी में उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। इसके बाद 2009 में उन्होंने 26.81 की औसत से 295 रन बनाए और 25.16 की औसत से 6 विकेट लिए थे।